Top Stories

दिल्ली, यूपी समेत इन राज्यों में अप्रैल शुरू होते ही और बढ़ेगी गर्मी

सुजीत गुप्ता
31 March 2022 11:37 AM GMT
दिल्ली, यूपी समेत इन राज्यों में अप्रैल शुरू होते ही और बढ़ेगी गर्मी
x

दिल्ली में आमतौर पर मार्च का महीना जाड़े की वापसी और गर्मी के आगमन वाला रहता है। आमतौर पर तापमान खुशनुमा बना रहता है। अप्रैल के बाद से तेज झुलसाने वाली गर्मी शुरू होती है, लेकिन इस बार मार्च में ही झुलसाने वाली गर्मी का सामना करना पड़ रहा है।

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है अप्रैल माह से दिल्ली, यूपी, उत्तराखंड, मध्यप्रदेश, राजस्थान, बिहार और गुजरात समेत कई राज्यों में एक अप्रैल से और गर्मी बढ़ने की संभावना है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। न्यूनतम तापमान भी सामान्य से ज्यादा रहने की उम्मीद है। जबकि अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में आगामी दिनों में भारी से भारी बारिश हो सकती है।

देश भर में तपती और प्रचंड गर्मी की शुरुआत हो चुकी है। भारतीय मौसम विभाग ने जानकारी दी है कि आगामी 4 से 5 दिनों के दौरान मध्य और पश्चिम भारत में हीट वेव चलने की संभावना है। इनमें बिहार, छत्तीसगढ़, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, गोवा और गुजरात समेत कई राज्य शामिल हैं।

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अप्रैल की शुरुआत में ही दिल्ली का तापमान 40 डिग्री तक जा सकता है। ज्यादा तपिश वाले राज्यों में दिल्ली के अलावा यूपी, उत्तराखंड, पंजाब और उत्तर भारत के अन्य राज्य भी शामिल हैं।

क्यों पड़ रही भयंकर गर्मी

इस बार जनवरी और फरवरी में सामान्य से अधिक वर्षा रिकॉर्ड की गई। इसके चलते मौसम खुशनुमा रहा था और लोगों को प्रदूषण से भी राहत मिली थी। लेकिन, अलग-अलग मौसम के कारकों के चलते मार्च में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ नहीं आ पाए। आमतौर पर मार्च में तीन से अधिक पश्चिमी विक्षोभ आते हैं। इनके चलते तेज हवा चलती है और हल्की बारिश होती है। पश्चिमी विक्षोभ नहीं आने से मौसम खासा गर्म हो गया है, जबकि इस समय हवा राजस्थान की ओर से आ रही है। वहां भी लू जैसी स्थिति बनी हुई है। इसके चलते दिल्ली के लोगों को सामान्य से अधिक गर्मी झेलनी पड़ रही है।


सुजीत गुप्ता

सुजीत गुप्ता

    Next Story