
- Home
- /
- Top Stories
- /
- दो साल बाद...
दो साल बाद अंतरराष्ट्रीय उड़ानों से हटा प्रतिबंध, भारत मार्च मे इस दिन से नियमित अंतरराष्ट्रीय उड़ानें फिर से शुरू करेगा

केंद्र सरकार ने मंगलवार को एक बड़ा फैसला किया। नागरिक उड्डयन मंत्रालय की ओर से मुहैया कराई गई जानकारी के अनुसार, तकरीबन दो साल बाद आगामी 27 मार्च 2022 से भारत के लिए और भारत से वाणिज्यिक अंतरराष्ट्रीय सेवाएं फिर से शुरू कर दी जाएंगी। मंत्रालय की ओर से कहा गया है कि अंतरराष्ट्रीय यात्रा के लिए स्वास्थ्य मंत्रालय के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करना अनिवार्य होगा।
नागरिक उड्डयन मंत्रालय (MoCA) ने कहा, "भारत के लिए/भारत से शेड्यूल कॉमर्शियल इंटरनेशनल यात्री उड़ानों का निलंबन, इस प्रकार, 26.03.2022 को केवल 2359 बजे IST तक बढ़ाया गया है और इस प्रकार एयर बबल व्यवस्था को केवल इस सीमा तक बढ़ाया जाएगा।"
कोविड-19 मामलों में लगातार गिरावट को देखते हुए, नागरिक उड्डयन मंत्रालय द्वारा दो साल के अंतराल के बाद निर्धारित अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को फिर से शुरू करने का निर्णय लिया गया है। भारत में निर्धारित अंतरराष्ट्रीय यात्री उड़ानों पर प्रतिबंध 28 फरवरी तक लागू है।
बता दें कि भारत ने नियमित अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर 23 मार्च, 2020 से COVID संकट के कारण बैन लगा दिया था। हालांकि इस बीच 'एयर बबल' जैसी विशेष व्यवस्था के तहत उड़ानों का संचालन हो रहा था। जुलाई 2020 से एयर बबल व्यवस्था के तहत भारत और लगभग 40 देशों के बीच विशेष यात्री उड़ानें संचालित हो रही हैं।
स्वास्थ्य मंत्रालय ने 14 फरवरी को अंतरराष्ट्रीय आगमन के लिए संशोधित दिशानिर्देश जारी किए थे, और अनिवार्य सात-दिन के होम क्वारंटाइन और आठवें दिन आरटी-पीसीआर टेस्ट से गुजरने की आवश्यकता को समाप्त कर दिया था। साथ ही, 'जोखिम में' श्रेणी में सूचीबद्ध देशों को हटा दिया गया था।
