
- Home
- /
- Top Stories
- /
- JNU में पहली बार महिला...
JNU में पहली बार महिला कुलपति, जानिए प्रोफेसर शांतिश्री पंडित की नियुक्ति के बारे में

देश के प्रतिष्ठित जवाहरलाल नेहरू विश्ववि्द्यालय (जेएनयू) का नया कुलपति प्रोफेसर शांतिश्री धुलिपुड़ी पंडित को नियुक्त किया गया है। धुलिपुड़ी पंडित जेएनयू की पहली महिला कुलपति होंगी। इनका कार्यकाल पांच साल का होगा। वह इससे पहले वह सावित्री बाई फुले पुणे यूनिवर्सिटी में प्रोफेसर थीं।
धुलिपुड़ी प्रोफेसर एम. जगदीश कुमार की जगह लेंगी जिन्हें विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। पिछले साल जेएनयू के कुलपति के तौर पर अपने पांच साल का कार्यकाल पूरा होने के बाद से एम जगदीश कुमार कार्यवाहक कुलपति के तौर पर जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे थे।
शांतिश्री जेएनयू की पूर्व छात्रा रही हैं। उन्होंने यूनिवर्सिटी के स्कूल ऑफ इंटरनेशनल स्टडीज से 1986 में एमफिल और 1990 में पीएचडी की डिग्री हासिल की। इससे पहले उन्होंने मद्रास स्थित प्रेजिडेंसी कॉलेज से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन की थी। सावित्री बाई फुले पुणे यूनिवर्सिटी से पहले वह गोवा यूनिवर्सिटी में भी पढ़ा चुकी हैं। यह पहली बार है कि देश के इस प्रतिष्ठित विश्वविद्यालय की कमान किसी महिला वाइस चांसलर के पास होगी।
जानती हैं कई भाषाएं- शांतिश्री धुलिपुड़ी पंडित तमिल, तेलुगू, संस्कृत, हिंदी, मराठी और अंग्रेजी बोल सकती हैं व कन्नड़, कोंकड़ी और मलयाली समझ सकती हैं।
