
- Home
- /
- Top Stories
- /
- तय तिथि को होगा मुंगेर...
तय तिथि को होगा मुंगेर खगड़िया रेल -सह- सड़क पुल का लोकार्पण

मुंगेर।सुरक्षा और गुणवत्ता के साथ तय तिथि को होगा मुंगेर खगड़िया रेल -सह- सड़क पुल का लोकार्पण। उक्त बातें आज बहुप्रतीक्षित मुंगेर खगड़िया रेल -सह- सड़क पुल का एरियल अवलोकन करने के बाद श्री नितिन नवीन मंत्री पथ निर्माण विभाग, बिहार सरकार ने प्रेस प्रतिनिधियों से वार्ता के दौरान कही। अपर मुख्य सचिव पथ निर्माण श्री प्रत्यय अमृत भी उनके साथ थे।
जिला पदाधिकारी एवं संबंधित पदाधिकारी के साथ उन्होंने जीरो प्वाइंट (तेलिया तालाब) से लाल दरवाजा के तक उन्होंने निर्माणाधीन पुल के अंतिम चरण की प्रगति का जायजा स्थलीय निरीक्षण कर लिया। उसके बाद निर्माण एजेंसी के कैंप कार्यालय में एनएचएआई के वरीय पदाधिकारियों के साथ तकनीकी एवं भौतिक प्रगति के संबंध में पीपीटी के माध्यम से जानकारी प्राप्त की। अपर मुख्य सचिव ने निर्माण एजेंसी को त्वरित कार्य करने हेतु आवश्यक निदेश दिये।
मंत्री ने प्रेस वार्ता में बताया कि लक्ष्य के अनुरूप निर्धारित तिथि को इसका लोकार्पण करने की पूरी कोशिश रहेगी। इसके लिए मैनपावर के साथ साथ तकनीकी सुविधाओं को और अधिक बढ़ाया जायेगा। उन्होंने आश्वस्त किया कि सुरक्षा और गुणवत्ता का पूर्ण ख्याल रखा जायेगा। उन्होंने कहा कि उत्तर बिहार के मुजफ्फरपुर, बेगूसराय, खगड़िया, कोशी और सीमांचल की दूरी कम हो जायेगी। माननीय मंत्री ने कहा कि पुल चालू होने से मुंगेर के विकास का रास्ता प्रशस्त होगा। एक प्रश्न के उत्तर में कहा कि किला क्षेत्र के नौ सड़कों (08 किलोमीटर) को पथ निर्माण विभाग ने हस्तगत किया है। अगले वर्ष निर्माण कार्य शुरू होगा। मौके पर अपर मुख्य सचिव पथ निर्माण, श्री प्रत्यय अमृत,जिला पदाधिकारी श्री नवीन कुमार,मुंगेर विधायक, श्री प्रणव कुमार, तारापुर विधायक श्री राजीव कुमार सिंह,आर ओ एन एच ए आई,पीडी एनएचएआई, सदर अनुमंडल पदाधिकारी सुश्री खुशबू गुप्ता,भाजपा एवं जदयू के जिलाध्यक्ष सहित प्रोजेक्ट एजेंसी के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
