Top Stories

आधी रात दुल्हन के बेडरूम में घुसी पुलिस, पुलिस पर मारपीट का आरोप, आखिर मामला क्या है?

सुजीत गुप्ता
11 Feb 2022 6:36 AM GMT
आधी रात दुल्हन के बेडरूम में घुसी पुलिस, पुलिस पर मारपीट का आरोप, आखिर मामला क्या है?
x

कमरे के भीतर लोगों से पूछताछ करती पुलिस।

बिहार के सासाराम जिले के लखनु सराय मोहल्ले हैरान करने वाली खबर आई है। वारंटी की तलाश में जुटी पुलिस आधी रात के एक विवाह वाले घर में घुस गई। इतना ही नहीं पुलिस ने जवान दुल्हन के बेडरूम में भी घुसकर तलाश करने लगे। घटना का वीडियो वायरल हो रहा है। खबरों के मुताबिक नगर थाना की पुलिस हत्या के मामले में फरार वारंटी की तलाश कर रही थी। इसी दौरान पुलिस जवान एक मकान की छत के रास्ते से आरोपी के मकान में जाने की बजाए उसके पड़ोसी के घर में प्रवेश कर गए।

जिस घर में पुलिस घुसी वह विवाह वाला घर था और वहां कई मेहमान व महिलाएं मौजूद थीं। अचानक पुलिस को देख सभी घबरा गए। घर मालिक ने पुलिस जवानों के इस तरह घुसने पर आपत्ति जताई। आरोप है कि कहासुनी के बीच जवानों ने घर के मालिक के साथ मारपीट की और महिलाओं के साथ बदसलूकी की गई। पीड़ितों की सबसे बड़ी आपत्ति यह है कि जवानों ने नई नवेली दुल्हन का बेडरूम खुलवाकर तलाशी ली। पुलिस जवानों की इस हरकत से दुल्हन घबरा गई। वह डर के मारे दुबक गई। इस दौरान परिवार के लोगों ने पुलिस का विरोध किया तो उनके साथ मारपीट की गई।

घटना का वीडियो बनाकर पीड़ित परिवार ने सोशल मीडिया में साझा किया और पुलिस के रवैये पर सख्त ऐतराज जताया है। इस वीडियो में दिख रहा है कि पुलिस जवान किस तरह से दुल्हन के सामने घर के लोगों से धक्का-मुक्की और मारपीट कर रहे हैं। यह वीडियो दो दिन पूर्व का बताया गया है। अमर उजाला इस वायरल वीडियो की सचाई का दावा नहीं करता है।

पीड़ित परिवार की सदस्य सुमित्रा देवी के अनुसार जब हम लोग मोबाइल से वीडियो बनाने लगे तो हमसे पुलिस जवानों ने धक्का-मुक्की और छीना झपटी की। उन्होंने देर रात महिलाओं व दुल्हन के कमरे में पुलिस के घुसने पर विरोध दर्ज कराया। घटना को लेकर बिहार पुलिस ने कोई जानकारी नहीं दी है।

पुलिस रामजी महतो के घर में घुसी थी। जबरन दुल्हन का कमरा खुलवाने का परिजनों ने विरोध किया। इस बीच पुलिस ने छत पर ले जाकर एक युवक की पिटाई भी कर दी। रात में आधार कार्ड समेत अनेक डॉक्युमेंट्स भी मांगे गए। परिजनों के साथ तीखी नोकझोंक भी हुई है। उन्होंने इसका वीडियो बना लिया, जो सोशल मीडिया पर वायरल होने लगा है। स्थानीय लोग भी पुलिस की इस कार्रवाई का विरोध कर रहे हैं। लोगों में काफी आक्रोश है।

रामजी महतो परिवार की एक महिला सदस्य ने बताया, 'मेरे पति और भैसुर के साथ पुलिस ने मारपीट की है। आधी रात में पुलिस घर के भीतर कैसे घुस सकती है। एक दिन पहले ही दुल्हन घर में आई थी। पुलिस के इस रवैए से दुल्हन पूरी तरह से डर गई। वह खौफ में आ गई। मना करने के बावजूद पुलिस दुल्हन से भी सवाल करने लगी। घर की महिलाओं से यहां तक पूछा गया कि वो किसके साथ सोई हुई है।'

वहीं, इस संबंध में सासाराम नगर थानाध्यक्ष संजय सिन्हा ने बताया, 'मामला 8 फरवरी का है। जिसके घर में रेड हुई, उसके यहां एक हत्यारोपी के छुपने का अंदेशा था। पुलिस ने बहुत देर तक दरवाजे को खोलने को कहा, लेकिन घरवालों ने जानबूझकर देरी की। तब मजबूरन पुलिस को छत के रास्ते घर में प्रवेश करना पड़ा। पुलिस ने किसी के साथ कोई मारपीट नहीं की है।'

पुलिस के मुताबिक, हत्या का आरोपी श्रवण कुमार को खोजने पुलिस गई थी। शक था कि वह रामजी महतो के घर में ही छिपा है, लेकिन वह पुलिस के हाथ नहीं लगा है। पुलिस का कहना है कि लोगों ने आरोपी को भगा दिया। आरोपी श्रवण कुमार के खिलाफ रोहतास और कैमूर दोनों जिले में केस दर्ज है। नगर थानाध्यक्ष संजय सिन्हा ने बताया कि आरोपी वारंटी शादी भी कर रहा था। तिल्कोत्सव के बाद वह छिप गया है।

सुजीत गुप्ता

सुजीत गुप्ता

    Next Story