
प्रधानमंत्री के प्रयागराज कार्यक्रम पर प्रियंका ने कसा तंज

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज यानि मंगलवार को प्रयागराज में 16 लाख महिलाओं को कैश स्कीम की सौगात दी। पीएम मोदी ने स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के बैंक खाते में एक हजार करोड़ रुपए ट्रांसफर कर दिए हैं। इससे करीब 16 लाख महिलाएं लाभांवित होंगी। पीएम ने बताया कि अगले कुछ वर्षों में घर का मालिकाना हक महिला के नाम होगा। महिला स्वयं सहायता समूह असल में राष्ट्र सहायता समूह है, जो महिलाओं के लिए बहुत ही लाभदायक है। इसमें 5 सालों में 13 गुना बढ़ोतरी हुई है। शहर हो या गांव महिलाओं के लिए हमारी सरकार हर छोटी बड़ी सुविधा दे रही है। हमने मुफ्त राशन देने की व्यवस्था हमारी सरकार ने की है।
इसको लेकर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में महिलाओं के लिए घोषणा की गई योजनाओं पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि 'लड़की हूं, लड़ सकती हूं' की वजह से आज प्रधानमंत्री को महिलाएं के लिए काम करना पड़ रहा है। प्रियंका ने कहा कि महिलाएं जग गई हैं, इस देश की शक्ति के आगे पीएम झुक गए हैं। यह उत्तर प्रदेश की महिलाओं की जीत है, जिससे मैं बहुत खुश हूं।
आठ दिसंबर को लखनऊ में घोषणापत्र जारी करते हुए कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने बताया था कि महिलाओं को सरकारी नौकरियों में 40 फीसदी आरक्षण दिया जाएगा। साथ ही 10 लाख रुपये तक मुफ्त इलाज की भी सुविधा मिलेगी। प्रियंका गांधी ने अपने घोषणापत्र में आगे कहा था कि सरकारी पदों में लगभग 9 फीसदी की भागीदारी है, जिसे हम 40 फीसदी तक करेंगे। महिला द्वारा संचालित व्यवसाय में कर से छूट मिलेगी। मनरेगा में महिला को प्राथमिकता मिलेगी। दुकानों का संचालन भी महिला द्वारा किया जायेगा। वहीं, 10 + 2 में लड़कियों को स्मार्टफोन दिया जायेगा। राज्य भर में संध्या विद्यालय भी होंगे, जिससे गांव में भी लड़कियां पढ़ाई कर सकें।
