
रूस ने यूक्रेन के तेल डिपो पर किया मिसाइल से हमला, चारों ओर फैला धुआं

यूक्रेन और रूस के बीच युद्ध लगातार तेज हो रहा है। आज इस युद्ध का आठवां दिन है। रूस ने राजधानी कीव और खारकीव शहर में भारी तबाही मचाई है। कई जगहों पर रिहाइशी इलाकों और अस्पतालों पर भी बमबारी की गई। इसी बीच रूस ने यू्क्रेन को अब आर्थिक रूप से तबाह करना शुरू कर दिया है। ताजा जानकारी के अनुसार रूस ने यूक्रेन के Chernihiv तेल डिपो पर मिसाइल से हमला बोल दिया है।
जानकारी के मुताबिक एक सप्ताह के अंदर ही यूक्रेन के दो फीसदी लोग पड़ोसी देश चले गए हैं। खारकीव में अब भी बहुत तेज पलायन चल रहा है। दिनभर के बम धमाकों और तनाव से लोग परेशान हैं। ऐसे में वे अपना घर-बार छोड़कर किसी और देश में चले जाना चाहते हैं। वहीं इस समय रेलवे स्टेशनों पर भी भारी भीड़ हो रही है। लोग ट्रेन में भरकर सीमावर्ती इलाकों की तरफ जा रहे हैं।
यूक्रेन में मारे गए 500 से ज्यादा जवान
रूस के खिलाफ लामबंद होते हुए बुधवार को संयुक्त राष्ट्र में अधिकतर देशों ने उससे यूक्रेन से बाहर निकलने की मांग की। रूसी सेना ने यूक्रेन के दूसरे सबसे बड़े शहर में बमबारी फिर शुरू कर दी है और इससे देश की राजधानी पर खतरा बढ़ गया है। रूस ने उसके प्रमुख रणनीतिक बंदरगाहों को भी घेर लिया है। रूस का कहना है कि पिछले सप्ताह शुरू हुई सैन्य कार्रवाई में अभी तक करीब उसके 500 सैनिक मारे गए हैं और लगभग 1,600 जवान घायल हुए हैं। वहीं, यूक्रेन ने उसकी सेना के हताहत सैनिकों की जानकारी साझा नहीं की। बहरहाल, यूक्रेन ने कहा कि दो हजार से अधिक असैन्य नागरिक मारे गए हैं। दोनों ही देशों के दावों की अभी तक पुष्टि नहीं हो पाई है।
