
- Home
- /
- Top Stories
- /
- पति-पत्नी के बीच शक की...
पति-पत्नी के बीच शक की दीवार ने सिपाही की जान ली, पढ़ें सुसाइड की पूरी कहानी

जांच करती पुलिस
सहारनपुर शहर के मोहल्ला खलासी लाइन में पत्नी के शक किए जाने से आहत एक सिपाही किरणपाल (38) ने शनिवार रात पंखे से चादर का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। किरणपाल डायल 112 पर तैनात थे और उनकी पत्नी भी यूपी पुलिस में सिपाही है। मृतक सिपाही एक बेटा और एक बेटी है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मुजफ्फरनगर के थाना फुगाना के गांव डूंगरपुर के रहने वाले किरणपाल और उसकी पत्नी अनीता दोनों सहारनपुर में तैनात हैं। दोनों अपने दो बच्चों के साथ खलासी लाइन के मोहल्ला रामपुर कॉलोनी में किराए के मकान में रहते थे। मृतक सिपाही की पत्नी कोतवाली मंडी में कांस्टेबल है।
शनिवार की देर रात करीब साढ़ नौ बजे किरण पाल ड्यूटी से लौटा और पत्नी से विवाद के बाद कमरे में चला गया। दो घंटे बाद जब अनीता कमरे में पहुंची, तो उसकी चीख निकल गई। महिला कांस्टेबल की चींख सुनकर मकान मालिक का परिवार ऊपर आया। सिपाही के शव को नीचे उतारा, लेकिन तब तक सिपाही की मौत हो चुकी थी।
पति-पत्नी के बीच शक की दीवार ने सिपाही की जान ली। हंसता-खेलता परिवार भी बर्बाद हो गया। सिपाही किरणपाल पत्नी के शक से आहत था। वहीं, दो बच्चों के सिर से पिता का साया भी उठा गया है। विवाद की वजह भी पत्नी का किरणपाल के चरित्र पर शक करना बताया जा रहा है। दोनों पति-पत्नी 2011 बैच में भर्ती हुए थे।
एसएसपी आकाश तोमर का कहना है कि मृतक सिपाही की पत्नी अनीता किसी बात को लेकर अपने पति पर शक करती थी। शनिवार की देर रात को सिपाही किरणपाल जब घर लौटे पर दोनों में विवाद हो गया। इसके बाद सिपाही ने चादर से फांसी लगा ली। मामले की जांच की जा रही है।
