अयोध्या

अयोध्या में दिन में अंधेरा,UP के 45 जिलों में अलर्ट,3 दिन तक ऐसा ही रहेगा मौसम

Anshika
22 Aug 2023 7:14 AM GMT
अयोध्या में दिन में अंधेरा,UP के 45 जिलों में अलर्ट,3 दिन तक ऐसा ही रहेगा मौसम
x

लखनऊ में सुबह 6 बजे से रिमझिम बारिश का दौर जारी है। वहीं, कानपुर, प्रयागराज, बरेली समेत कई शहरों में बादल छाए हैं।

मौसम ‌विभाग ने प्रदेश के 45 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। इनमें 21 जिलों में भारी बारिश हो सकती है। बारिश के बाद प्रदेश के औसत तापमान में 5°C तक गिर सकता है। यूपी में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। लखनऊ-अयोध्या में मंगलवार सुबह से बारिश हो रही है। अयोध्या में भीषण बारिश से सड़कों पर पानी भर गया। दोपहर में अंधेरा छा गया। मौसम वैज्ञानिक का अनुमान है कि प्रदेश में आने वाले 3 दिनों यानी 24 अगस्त ऐसा ही मौसम रहेगा।

24 अगस्त तक यूपी में बारिश का दौर जारी रहेगा। इससे किसानों को राहत मिलने की संभावना है। अगले 2-3 दिनों के दौरान यह उत्तर दिशा में आएगा।

इन 21 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

जिन 21 जिलों में बारिश बारिश का अलर्ट है। इनमें बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, बदायूं, पीलीभीत, कासगंज, एटा, मैनपुरी, इटावा, लखीमपुर, सीतापुर, कानपुर देहात, कानपुर नगर, लखनऊ, उन्नाव, बाराबंकी, गोंडा, श्रावस्ती और बलरामपुर शामिल हैं।

इन 24 जिलों में मध्यम से हल्की बारिश का अलर्ट

इसके अलावा, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, मेरठ, अलीगढ़, संभल, आगरा, हाथरस, झांसी, ललितपुर, रायबरेली, अयोध्या, अमेठी, अंबेडकरनगर, गोरखपुर, देवरिया, मऊ, बलिया, महाराजगंज, सुल्तानपुर, बांदा, फतेहपुर, बस्ती, सिद्धार्थनगर में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

बरेली में सुबह से बूंदाबांदी, 36 मिलीमीटर बारिश का अनुमान

बरेली में सुबह से बादल छाए हैं। तड़के हल्की बूंदाबांदी हुई। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 24 घंटे में 36 मिलीमीटर बारिश की संभावना है। सोमवार सुबह न्यूनतम तापमान 24 डिग्री दर्ज किया गया। दिन में अधिकतम तापमान 36 डिग्री तक पहुंच सकता है। 12 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड से हवा चलेगी। दिन में बारिश के साथ बादल छाए रहने का अनुमान है।

प्रयागराज में हल्की बूंदाबांदी

प्रयागराज में भी सोमवार सुबह से बादल छाए हैं। कई इलाकों में दिन में अंधेरा छा गया। पिछले 24 घंटों में यहां हल्की बूंदाबांदी हुई है। मौसम विभाग के मुताबिक, जिले का अधिकतम तापमान 34°C और न्यूनतम तापमान 27°C दर्ज किया गया।

अयोध्या में सरयू का जलस्तर खतरे के करीब

अयोध्या में मंगलवार सुबह अच्छी बारिश हुई। सोमवार रात से शुरू हुई बूंदाबांदी से लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली। सुबह के तापमान में भी 2 डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की गई। अयोध्या में सरयू नदी का जलस्तर खतरे के निशान से 63 सेंटीमीटर नीचे है।

कानपुर में पारा 34°C पहुंचा

कानपुर में अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। नमी का अधिकतम प्रतिशत 79 और न्यूनतम 75 प्रतिशत रहा। उत्तर-पूर्व दिशा से हवा की औसत गति 5.8 किमी प्रति घंटा रही। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को तेज बारिश होने की संभावना है। अधिकतम तापमान में 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने के आसार हैं।

वाराणसी में छाए बादल

वाराणसी में घने बादल छाए हैं। हल्की हवा भी चल रही है। उमस थोड़ी महसूस हो रही है। मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, वाराणसी में अगले सप्ताह तक बारिश होने का अनुमान है। आज और कल भी बादल छाए रहेंगे। आज न्यूनतम तापमान 26 डिग्री और अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।

Next Story