आगरा

ट्रम्प आगरा में 2 घंटे रहेंगे, 21 जगहों पर 3000 कलाकार स्वागत करेंगे; 14 किमी के रूट पर 10 हजार सुरक्षाकर्मी तैनात

Arun Mishra
24 Feb 2020 7:39 AM GMT
ट्रम्प आगरा में 2 घंटे रहेंगे, 21 जगहों पर 3000 कलाकार स्वागत करेंगे; 14 किमी के रूट पर 10 हजार सुरक्षाकर्मी तैनात
x
आगरा के मेयर नवीन जैन अमेरिकी राष्ट्रपति का स्वागत करेंगे, खेरिया एयरपोर्ट से ताजमहल तक पूरे रूट को सजाया गया

आगरा : अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अपने दो दिवसीय दौरे के लिए सोमवार सुबह गुजरात के अहमदाबाद पहुंचे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यहां एयरपोर्ट पर डोनाल्ड ट्रंप का गले लगाकर स्वागत किया। इस दौरान फर्स्ट लेडी मेलानिया ट्रंप भी उनके साथ रहीं। बतौर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का ये पहला भारत दौरा है, वह इस बार अपने पूरे परिवार के साथ भारत आए हैं।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प आज 2 दिवसीय दौरे पर भारत आ रहे हैं। उनके साथ पत्नी मेलानिया, बेटी इवांका और दामाद जैरेड कुशनर भी रहेंगे। शाम को वे परिवार के साथ आगरा पहुंचकर ताजमहल का दीदार करेंगे। ट्रम्प की यात्रा को खास बनाने के लिए एयरपोर्ट से ताजमहल तक के रास्ते में 21 जगहों पर 3000 कलाकार भारतीय कला और संस्कृति से उन्हें रूबरू कराएंगे। ट्रम्प के दौरे के चलते सोमवार दोपहर 12 बजे से ताजमहल आम पर्यटकों के लिए बंद हो जाएगा। इसके बाद यह मंगलवार सुबह ही खुलेगा।

आगरा पहुंचने पर मेयर नवीन जैन ट्रम्प परिवार को रिसीव करेंगे। जैन ने बताया कि वह राधे-राधे बोलकर ट्रम्प फैमिली का स्वागत करेंगे। पहली बार भारत आ रहे ट्रम्प को मेयर 600 ग्राम वजनी और 12 इंच लंबी चांदी की चाबी, संगमरमर से बना ताजमहल का मॉडल और जरदोजी से तैयार मोर कृति भेंट करेंगे। शहर के मेयर उन्हें आगरा के मुखिया होने के तौर पर प्रतीक स्वरूप चाबी सौंपेगे।

ट्रम्प जिस रास्ते से गुजरेंगे, वहां दीवारों पर उनकी पेंटिंग्स

ट्रम्प 24 फरवरी की शाम 4:45 बजे खेरिया एयरपोर्ट पहुंचेंगे। वह 2 घंटे आगरा में रहेंगे। शाम 6.45 बजे वह दिल्ली के लिए निकल जाएंगे। ट्रम्प एक घंटे ताजमहल में रहेंगे, जबकि बाकी का एक घंटा रास्ते में बीतेगा। ट्रम्प का काफिला जिस रास्ते से होकर गुजरेगा, उसकी दीवारों में ट्रम्प की विभिन्न मुद्राओं में पेटिंग बनाई गई है। इन दीवारों में ट्रम्प- मोदी दोस्ती के साथ ही स्वच्छ भारत का संदेश देने वाली पेटिंग भी बनाई गई है। ताजमहल का भ्रमण कराने और उससे जुड़ी जानकारियां देने के लिए गाइड की भी नियुक्ति की गई है।

गोल्फ कार्ट से ताजमहल जाएंगे ट्रम्प

ट्रम्प ताजमहल के यलो जोन में 'द बीस्ट' कार से नहीं जा सकेंगे। यहां 500 मीटर के क्षेत्र में उनको गोल्फ कार्ट (बैटरी से संचालित) से ले जाया जाएगा। एसपी सिटी ने बताया कि अमेरिकी राष्ट्रपति के आगमन को देखते हुए 25 गोल्फ कार्ट तैयार की गई हैं। गोल्फ कार्ट के चालकों को अमेरिकी टीम ने भी जांच की है। उन्हें समझाया गया है कि ट्रम्प और उनके सुरक्षाकर्मियों को ले जाने के दौरान किन-किन बातों का ध्यान रखना है। पूरे रूट को 16 हजार गमले लगाकर सजाया गया है।

14 किमी रूट पर तैनात होंगे करीब 10 हजार जवान

ट्रम्प की फ्लीट में 35 से 40 गाड़ियां शामिल रहेंगी। ट्रम्प की 'द बीस्ट' कार के आगे व पीछे अमेरिकी अफसरों की गाड़ियां चलेंगी। उसके बाद पुलिस की गाड़ी और एंबुलेंस होगी। सुरक्षा के लिए आगरा को 10 जोन में बांटा गया है। एयरपोर्ट से ताजमहल तक के 14 किमी रूट में पुलिस और पैरामिलिट्री फोर्स के करीब 10 हजार जवान तैनात किए गए हैं। 300 सिपाही सादी वर्दी में लगाए गए हैं। 400 ट्रैफिक कर्मी बाहर से बुलाए गए हैं। ड्रोन से पूरे रास्ते और आसपास के इलाकों की निगरानी होगी। 18 जगहों पर 30 अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। पूरी गतिविधियों पर नजर रखने के लिए कंट्रोल रूम भी बनाया गया है।

पहली बार ड्यूटी की गूगल टैगिंग

अमेरिकी राष्ट्रपति की सुरक्षा के लिए उनके रूट पर 75 घर और बिल्डिंग को चिह्नित किया गया है। इनकी छतों पर पुलिसकर्मी निगरानी में लगेंगे। ग्राउंड पर डयूटी करने वाले पुलिसकर्मी तो आसानी से दिखेंगे, लेकिन छतों पर निगरानी में लगे पुलिसकर्मियों की मॉनी‍टरिंग में परेशानी होती थी। इस बार उन सभी घरों, दुकानों और होटलों की गूगल जियो टैगिंग कर दी गई है। इससे स्थानीय अधिकारियों के लिए मॉनीटरिंग आसान होगी ही। साथ ही, बताया जा रहा है कि अमेरिकी सुरक्षा एजेंसी अपने सुरक्षा मुख्यालय पेंटागन से भी इन पर नजर रख सकती है।

ट्रम्प के आते ही ठहर जाएंगी ट्रेनें, सुबह से ट्रकों की नो-एंट्री

आरपीएफ के अधिकारी प्रकाश पांडा ने बताया कि ट्रम्प के काफिले के लिए जो रास्ता तय है उस पर रेलवे का खेरिया पुल आता है। ट्रम्प के आने और जाने के दौरान इस पुल पर ट्रेनों का आवागमन रोक दिया जाएगा। साथ ही, आगरा परिक्षेत्र को नो-फ्लाई जोन घोषित कर दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त फिरोजाबाद, मथुरा, हाथरस, अलीगढ़, इटावा और राजस्थान के धौलपुर से आने वाले ट्रकों को सुबह 10 बजे के बाद शहर के बाहर रोक दिया जाएगा।

ट्रम्प का मिनट टू मिनट कार्यक्रम-

4:45 बजे- ट्रम्प खेरिया एयरपोर्ट पहुंचेंगे।

5:00 बजे- ताजमहल के लिए रवाना होंगे।

5:15 बजे- ताजमहल के पूर्वी गेट पहुंचेंगे।

6:15 बजे- ताजमहल से खेरिया के लिए रवाना होंगे।

6:30 बजे- खेरिया एयरपोर्ट पहुंच जाएंगे।

6:45 बजे- दिल्ली रवाना हो जाएंगे।

Next Story