आगरा

यूपी बार काउंसिल की अध्यक्ष दरवेश यादव को गोली मारने वाले आरोपी वकील मनीष शर्मा ने दम तोड़ा

Special Coverage News
22 Jun 2019 10:47 AM GMT
यूपी बार काउंसिल की अध्यक्ष दरवेश यादव को गोली मारने वाले आरोपी वकील मनीष शर्मा ने दम तोड़ा
x
वकील मनीष शर्मा ने दरवेश यादव पर गोलियां चलाईं, उसने बाद में खुद को सिर में गोली मार ली

आगरा : उत्तर प्रदेश बार काउंसिल अध्यक्ष दरवेश यादव की हत्या के आरोपी अधिवक्ता मनीष शर्मा की मौत हो गई है। गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में उसका इलाज चल रहा था। आगरा पुलिस ने उसकी मौत होने की पुष्टि की है।

दरवेश यादव का हाल ही में एटा स्थित उनके पैतृक गांव चांदपुर में अंतिम संस्कार कर दिया गया था। बार काउंसिल की पहली महिला प्रमुख थीं, जिनकी एक वकील के चैंबर में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वकील मनीष शर्मा ने दरवेश यादव पर गोलियां चलाईं, उसने बाद में खुद को सिर में गोली मार ली और उसे गंभीर हालत में गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

यूपी की सियासत भी गरमा गई थी

दरवेश के भतीजे सनी यादव ने मनीष शर्मा, उसकी पत्नी वंदना और एक अन्य वकील विनीत गुलेचा को आरोपी के रूप में नामजद किया था। वकीलों ने दिवंगत बार काउंसिल प्रमुख के परिवार के लिए सुरक्षा की मांग की, जबकि बार काउंसिल ऑफ इंडिया ने परिवार के लिए 50 लाख रुपये का मुआवजा मांगा था।

दरवेश यादव की हत्या को लेकर सियासत भी गरम हो गई थी। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने योगी सरकार पर इसको लेकर हमला बोला था। उन्होंने कहा था कि राज्य में कानून-व्यवस्था पूरी तरह ठप हो गई। पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव एटा में दरवेश यादव के घर भी गए थे। इस दौरान उन्होंने प्रदेश में बढ़ रही आपराधिक घटनाओं में पुलिस की संलिप्तता की आशंका भी जताई।

Tags
Special Coverage News

Special Coverage News

    Next Story