'ताजमहल' में जुमे की नमाज को लेकर नया निर्देश, प्रशासन ने उठाया ये कदम
आगरा : आगरा के ताजमहल में जुमे की नमाज अदा करने को लेकर प्रशासन ने नया निर्देश जारी किया है। अब ताजमहल में जुमे के दिन नमाज अदा करने जाने वाले स्थानीय लोगों को अब पहचान पत्र ले जाना जरूरी होगा।
जिला प्रशासन ने यह फैसला विश्व धरोहर स्मारक की सुरक्षा को देखते हुए लिया है। नमाज अदा करने जाने वाले स्थानीय लोगों का मान्य प्रवेश पत्र देखने के बाद ही उन्हें ताज महल परिसर में प्रवेश दिया जाएगा।
दरअसल, ताजमहल परिसर के अंदर मस्जिद बनी हुई है। इस दिन ताजमहल पर्यटकों के लिए बंद रहता है। स्थानीय लोग शुक्रवार के दिन यहां जुमे की नमाज अदा करने के लिए जाते हैं। जिला प्रशासन के अधिकारियों ने बताया कि विश्व धरोहर स्मारक की सुरक्षा को देखते हुए ये फैसला लिया गया है।
जिला प्रशासन को सूचना मिली कि नमाज अदा करने आने वाले लोगों के साथ बाहरी लोग भी अंदर आ जाते हैं। ताजमहल में नमाज अदा करने के बहाने कुछ बांग्लादेशियों और गैर-भारतीय लोगों के ताजमहल परिसर के अंदर आ जाने की शिकायत भी पुलिस और प्रशासन को मिली है।
सुरक्षा को देखते हुए जिला प्रशासन की तरफ से जारी किए गए आदेश में लिखा है कि ताजमहल में शुक्रवार को नमाज अदा करने आने वालों का आगरा निवासी होने का प्रमाण पत्र देखकर प्रवेश दिया जाए। अगर कोई संदिग्ध या बिना पहचानपत्र के ताजमहल में प्रवेश करने का प्रयास करता है, तो इसकी सूचना तत्काल डीएम को दी जाए।
डीएम गौरव गौरव दयाल ने बताया कि अब आगरा शहर के निवासियों को ही ताजमहल परिसर में शुक्रवार को नमाज पढ़ने की अनुमति दी जाएगी। एडीएम सिटी केपी सिंह द्वारा जारी किए गए इस आदेश में यह भी लिखा है कि बाहरी लोगों के प्रवेश से स्मारक की सुरक्षा को खतरा हो सकता है।