Archived

2019 लोकसभा चुनाव: यूपी की इन सीटों से चुनाव लड़ेंगे अखिलेश और मुलायम, तैयारी शुरू

Vikas Kumar
22 Jan 2018 9:11 AM GMT
2019 लोकसभा चुनाव: यूपी की इन सीटों से चुनाव लड़ेंगे अखिलेश और मुलायम, तैयारी शुरू
x
अखिलेश यादव ने समाजवादी नेता जनेश्वर मिश्र की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उन्होंने ऐलान किया है कि वह आने वाला 2019 लोकसभा चुनाव लड़ेंगे।

लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने छोटे लोहिया के तौर पर पहचाने जाने वाले समाजवादी नेता जनेश्वर मिश्र की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उन्होंने ऐलान किया है कि वह आने वाला 2019 लोकसभा चुनाव लड़ेंगे।

इस दौरान अखिलेश यादव ने कहा कि मैं आगामी लोकसभा चुनाव कन्नौज से लड़ना चाहता हूं। उन्होंने कहा कि, 'कन्नौज जनेश्वर मिश्र जी की सीट रही है, इसलिए मैं चाहता हूं कि मुझे भी वहीं से लड़ने का मौका मिले। लेकिन इस संबंध में आखिरी फैसला पार्टी को ही लेना है।'

इस सीट से वर्तमान में अखिलेश की पत्नी डिंपल यादव सांसद हैं लेकिन विधानसभा चुनाव हारने के बाद अखिलेश ने कहा था कि अगला चुनाव डिंपल नहीं लड़ेंगी। इतना ही नहीं अखिलेश ये यह भी बताया है कि उनके पिता और समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव (नेता जी) मैनपुरी से ही लोकसभा चुनाव लड़ेंगे।

हालांकि साल 2009 के लोकसभा चुनाव में भी अखिलेश यादव ने कन्नौज सीट से ही चुनाव लड़ा था और जीत हासिल की थी। उस चुनाव में उन्होंने कन्नौज औऱ फिरोजाबाद की सीट से चुनाव लड़ा था और दोनों जगह जीत दर्ज की थी। बाद में उन्होंने फिरोजाबाद सीट छोड़ दी थी।

इससे पहले अखिलेश यादव ने चाचा शिवपाल को उनके जन्मदिन की बधाई दी। इस दौरान उन्होंने सूबे की योगी आदित्यनाथ सरकार पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने जोरदार हमला करते हुए कहा जब से यूपी में बीजेपी की सरकार बनी है, कानून व्यवस्था बद से बदत्तर हो गयी है।

अखिलेश यादव ने कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर प्रदेश सरकार को घेरते हुए कहा कि सूबे में अराजकता की स्थिति है, लगातार संगीन घटनाएं हो रही हैं। बीहड़ जैसी वारदातें अब लखनऊ में हो रही हैं। योगी सरकार उत्तर प्रदेश में अब डकैतियों का नया भारत बनाना चाह रही है।

Next Story