
- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- सपा के साथ गठबंधन करने...

यूपी विधानसभा चुनाव 2022 को देखते हुए राजनीतिक दलों की ओर से तैयारियां शुरू कर दी गईं हैं। समाजवादी पार्टी को मजबूत करने के लिए राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) का साथ मिल गया। अब यूपी में समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन कर चुनाव लड़ेगी।
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के महासचिव केके शर्मा और प्रदेश अध्यक्ष उमाशंकर यादव ने मंगलवार को लखनऊ में प्रेस वार्ता में यह बात कही। केके शर्मा ने कहा कि उत्तर प्रदेश का बुरा हाल है। इसे सुधारना होगा। यहां समाजवादी पार्टी के साथ मिलकर हम चुनाव लड़ेंगे। इस बाबत सपा प्रमुख अखिलेश यादव से बात भी हो गई है और अब केवल सीटों का चयन होना है।
उन्होंने कहा कि पार्टी सुप्रीमो शरद पवार ने साफ कहा है कि उत्तर प्रदेश में एनसीपी को युवाओं की और किसानों की आवाज उठानी होगी क्योंकि वहां भाजपा सरकार लोकतंत्र के लिए खतरा पैदा कर रही है। जो भी आवाज उठा रहा है उसके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है और उसे दबाया जा रहा है।
प्रदेश अध्यक्ष उमाशंकर यादव ने कहा कि एक अगस्त से एनसीपी प्रदेश भर में 'प्रदेश बचाओ संविधान बचाओ' आंदोलन की शुरुआत करेगी जिसमें किसानों और नौजवानों पर फोकस किया जाएगा। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की स्थिति खराब है। किसान अपने हक की लड़ाई लड़ रहे हैं लेकिन उनकी सुनी नहीं जा रही है। अब एनसीपी भी इस मुहिम में उनके साथ है और गांव-गांव जाकर अभियान चलाएगी।