अलीगढ़

पति - पत्नी के विवाद के बीच आ गया मासूम बेटा.. लड़ाई ख़त्म कराने को किया बीच बचाव तो गुस्साए पिता ने अपने ही बेटे की गला दबाकर हत्या कर दी.....

Shiv Kumar Mishra
29 Aug 2023 1:02 PM GMT
पति - पत्नी के विवाद के बीच आ गया मासूम बेटा.. लड़ाई ख़त्म कराने को किया बीच बचाव तो गुस्साए पिता ने अपने ही बेटे की गला दबाकर हत्या कर दी.....
x

अलीगढ़: अलीगढ़ में पिता ने 10 साल के बेटे उत्कर्ष की गला दबाकर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि पति-पत्नी किसी बात को लेकर आपस में झगड़ा कर रहे थे। बहस इतनी बढ़ गई कि दोनों जोर से चिल्लाने लगे। आवाज सुनकर बेटा उनके पास पहुंचा। दोनों को रोकने की कोशिश की।

इस पर पिता ने पीटना शुरू कर दिया। उसका गला दबा दिया।उसके बाद बच्चे को वहीं छोड़कर चला गया। चीख पुकार सुनकर पड़ोस के लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने घर के अंदर जाकर देखा तो बच्चा बेड पर पड़ा हुआ था। उसकी मां रो रही थी। मां के कहने पर पड़ोसी बच्चे को लेकर अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

घटना महुआखेड़ा के नगला डालचंद की है। यहां महेश कुमार बेटा उत्कर्ष (10) और पत्नी के साथ रहता है। वह एक प्राइवेट कंपनी में काम करता है। मंगलवार दोपहर में किसी बात को लेकर पत्नी से झगड़ा हो गया। बहस इतनी बढ़ गई कि दोनों के बीच मारपीट की नौबत आ गई। शोर सुनकर बेटा उनके पास पहुंचा। वह अपने मम्मी-पापा के बीच में जाकर उन्हें चुप कराने का प्रयास कर रहा था।

ये बात उसके पिता को नागवार गुजरी। गुस्से में बच्चे का गला दबा दिया। जिससे बच्चा बेहोश हो गया। उसके बाद पिता वहां से चला गया। मां की रोने की आवाज सुनकर पड़ोसी वहां पहुंचे। मां के कहने पर बच्चे को लेकर प्राइवेट अस्पताल पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने जांच करने के बाद मौत की पुष्टि की।

अस्पताल प्रबंधन ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। सीओ सेकेंड विशाल चौधरी, महुआखेड़ा थाना प्रभारी विजय सिंह, क्वार्सी थाना प्रभारी परमेंद्र सिंह तत्काल मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों से संपर्क किया तो बच्चे का चचेरा भाई अस्पताल पहुंचा। जिसके बाद पुलिस ने पंचनामा भरकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Next Story