स्वामी अग्निवेश पर हमला भगवा गुंडई का प्रमाण, पीएम मोदी दें इस्तीफा : RLD
अलीगढ़। झारखंड में सामाजिक कार्यकर्ता और प्रसिद्द सन्त स्वामी अग्निवेश पर हुए हमले की राष्ट्रीय लोकदल ने भर्त्सना की है। रालोद ने भगवा गुंडो पर सख्त कार्यवाही करने की मांग करते हुए पीएम मोदी से इस्तीफे की भी मांग की है।
बुधवार को रालोद नेताओं ने पत्रकार वार्ता करते देश मे बढ़ रही अराजकता पर चिंता व्यक्त की। रालोद नेता जियाउर्रहमान ने स्वामी अग्निवेश पर हुए हमले की निंदा करते हुए कहा कि भाजपा-आरएसएस के संरक्षण में आर्यसमाज के प्रवर्तक पर हमला किया गया है जो शर्मनाक है। उन्होंने कहा कि मोदीराज में देश मे सन्त, सामाजिक कार्यकर्ता, नौजवान, किसान और महिला कोई भी सुरक्षित नही है।
भगवा गमछे डालकर भगवा गुंडे भाजपा के संरक्षण में देश मे आतंक फैला रहे हैं, देश के सामाजिक सद्भाव को तोड़ रहे हैं। कभी गौरक्षा के नाम पर, कभी हिन्दू-मुस्लिम के नाम पर लोग नफरत फैला रहे हैं। उन्होंने कहा कि सन्त पर हमला कर यह लोग हिंदू धर्म को बदनाम कर रहे हैं।
जियाउर्रहमान ने कहा कि मोदीराज में लोकतंत्र की हत्या की जा रही है, केंद्र सरकार सत्ता में रहने का हक खो चुकी है, मोदी जी को इस्तीफा देना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि भीड़ बनकर नफरत फैलाने वालों पर, धर्म के नाम पर नफरत फैलाने वालों पर देशद्रोह की कार्यवाही होनी चाहिए।