भदोही

भदोही के भाजपा विधायक पर बलात्कार का आरोप

Shiv Kumar Mishra
11 Feb 2020 12:53 AM GMT
भदोही के भाजपा विधायक पर बलात्कार का आरोप
x
महिला का दावा है कि इस दौरान उसके साथ बारी- बारी से विधायक के अलावा मुख्य आरोपी संदीप और बेटे, यहां तक कि दूसरे करीबियों ने भी बलात्कार किया।महिला का आरोप है कि उसके साथ 2014 से यह सिलसिला चल रहा है। उसने आरोप लगाया कि संदीप ने उसे वाराणसी गाड़ियां भेज कर भी बुलाया।

राज्य मुख्यालय लखनऊ। यूपी के भदोही ज़िले से भारतीय जनता पार्टी के विधायक रवींद्रनाथ त्रिपाठी पर एक महिला ने गैंगरेप का आरोप लगाया है। वाराणसी की एक महिला ने सोमवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर अपनी शिकायत दर्ज कराई। महिला ने मीडिया को विधायक के भतीजे के साथ अपनी फोटो भी सौंपी है। मामले में महिला ने विधायक समेत सात लोगों को आरोपी बनाया है।

इस तरह का प्रकरण सामने आने से भदोही जिले की सियासत गरमा गई है। इस मामले के बाद भदोही और ज्ञानपुर के विधायक के बीच सियासी अदावत तेज हो गई है। वाराणसी की लोहटिया निवासी एक विधवा महिला ने पुलिस अधीक्षक आरबी सिंह को दिए गए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया है कि भदोही के बीजेपी विधायक रवींद्रनाथ त्रिपाठी के भतीजे संदीप से छह साल पहले मुंबई से लौटते समय उसकी मुलाकात ट्रेन में हुई थी।महिला का दावा है कि इस दौरान उन दोनों के बीच नजदीकी बढ़ती गई।

महिला का आरोप है कि उसके पति की मौत हो चुकी है। उसने आरोप लगाया है कि शादी का झांसा देकर भदोही, वाराणसी और मुंबई ले जाकर रेप किया गया। महिला का आरोप है कि जब उसने शादी का दबाव बनाया तो टाला जाता रहा।महिला ने सबसे बड़ा सनसनीखेज यह आरोप लगाया है कि यूपी के 2017 के आम चुनाव के दौरान भदोही शहर के एक होटल में उसे डेढ़ महीने तक रखा गया। इस दौरान उसके साथ लगातर रेप किया गया। यही नहीं, महिला ने आरोप लगाया है कि उसके साथ उस दौरान चुनावी मैदान में उतरे बीजेपी विधायक रवींद्रनाथ त्रिपाठी ने भी बलात्कार किया।

महिला का दावा है कि इस दौरान उसके साथ बारी- बारी से विधायक के अलावा मुख्य आरोपी संदीप और बेटे, यहां तक कि दूसरे करीबियों ने भी बलात्कार किया।महिला का आरोप है कि उसके साथ 2014 से यह सिलसिला चल रहा है। उसने आरोप लगाया कि संदीप ने उसे वाराणसी गाड़ियां भेज कर भी बुलाया।

इस संबंध में बीजेपी विधायक रवींद्रनाथ त्रिपाठी ने कहा है कि यह उन्हें बदनाम करने की साजिश है।त्रिपाठी का कहना है कि यह सब उनकी लोकप्रियता से घबराकर विरोधी खेमे के ज्ञानपुर विधायक विजय मिश्र की तरफ से किया जा रहा है। उन्होंने कहा है कि विधायक के अवैध खनन और दूसरे विकासकार्यों में भ्रष्टाचार की शिकायत उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से की थी। उन्होंने सवाल किया कि अगर महिला के साथ ऐसा हो रहा था तो वह 6 साल से चुप क्यों थी। विधायक का दावा है कि वह किसी भी जांच के लिए तैयार हैं।

उधर ज्ञानपुर विधायक विजय मिश्र ने भदोही विधायक के आरोप से अनभिज्ञता जताई है। उन्होंने कहा है कि उनके संज्ञान में इस तरह का कोई प्रकरण नहीं आया है। उन्होंने सवाल किया है कि वह किसी की छवि क्यों खराब करेंगे। उन्होंने कहा कि वह किसी महिला को नहीं जानते हैं। इस मामले में पुलिस अधीक्षक भदोही आरबी सिंह ने बताया है कि महिला का प्रार्थना पत्र मिला है। यह 2014 का मामला है। पुलिस मामले की जांच करेगी और इसके बाद कोई कारवाई की जाएगी।


Tags
Shiv Kumar Mishra

Shiv Kumar Mishra

Next Story