एटा

एटा में निर्माणाधीन पुल गिरा, मचा हाहाकार, सीएम ने जताई नाराजगी डीएम एसएसपी को दिया ये निर्देश

Shiv Kumar Mishra
19 Jun 2020 3:35 PM GMT
एटा में निर्माणाधीन पुल गिरा, मचा हाहाकार, सीएम ने जताई नाराजगी डीएम एसएसपी को दिया ये निर्देश
x

उत्तर प्रदेश के एटा में जिला मुख्यालय से करीब 10 किमी दूर हाईवे पर निर्माणाधीन पुल के चार गार्डर शाम को अचानक भरभरा कर गिर गए। इससे निर्माण कार्य में लगी एक हाइड्रा मशीन और एक पिकप सहित चार वाहन दब गए। इसमें छह लोगों के दबे होने की आशंका है। हादसे की जानकारी मिलने पर पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। गार्डरों का वजन काफी ज्यादा होने से बेबस बने हुए हैं। गार्डर हटाने के लिए और मशीनें बुलाई गई है।

थाना मलावन क्षेत्र के गांव छछैना पर निर्माणाधीन हाईवे पर ओवरब्रिज बनाया जा रहा है। शुक्रवार की शाम पुल के पास हाइड्रा मशीन से सामान रखा जा रहा था कि अचानक चार गार्डर नीचे गिर गए। इन गार्डरों की नीचे तीन वाहन दब गए। इसमें एक पिकप, पुल पर काम करने वाली मशीन तथा एक बाइक बताई जा रही है। पिकप में भूसा भी था। उसमें तीन लोगों के होने की आशंका है। गार्डरों के वजन से पिकप और हाइड्रा मशीन बुरी तरह पिचक गए हैं। हालांकि हाइड्रा के चालक मनवीर ने कूदकर अपनी जान बचाई। उसके पांव में चोट आई है। वहीं दो मजदूर सतेंद्र और नरेश को गंभीर हालत में जिला अस्पताल से आगरा रेफर कर दिया गया है।

गार्डर गिरने की आवाज सुन आसपास लोग इकट्ठा हो गए। इस हादसे की जानकारी पुलिस को दी गई। कुछ ही देर में पुलिस और प्रशासन के अधिकारी भी पहुंच गए। गार्डरों का वजन इतना भारी है इन्हें हटाने के लिए प्रशासन को काफी मशक्कत करनी पड़ रही है।

दूसरी ओर हादसा होते ही पुल पर काम कर रहे अन्य कर्मचारी भाग निकले। कितने लोग काम कर रहे थे? वहां पर कौन व्यवस्था देख रहा था, किसी को नहीं पता। हाइड्रा चला रहे मनवीर ने बताया कि अचानक गार्डर गिर गए। इसमें तीन वाहन दबे हुए हैं। इसमें पिकप में चार लोगों के अलावा पुल पर काम कर रहे दो-तीन लोग हैं। अचानक गार्डर कैसे गिर गए, इसकी जानकारी मनवीर नहीं दे सका।

सीएम योगी आदित्यनाथ ने जनपद एटा में एन.एच.ए.आई. के निर्माणाधीन सड़क पुल हादसे का संज्ञान लिया है। उन्होंने जनपद के DM एवं SSP को तत्काल मौके पर पहुंच कर बचाव एवं राहत कार्य संचालित करने के निर्देश दिए हैं एवं इस घटना की विस्तृत आख्या जिलाधिकारी एटा से मांगी है।


Next Story