इटावा

शिवपाल ने दिखाई मुलायम के गढ़ में ताकत, चारों और भीड़ ही भीड़

Special Coverage News
3 Oct 2018 5:24 AM GMT
शिवपाल ने दिखाई मुलायम के गढ़ में ताकत, चारों और भीड़ ही भीड़
x

इटावा : समाजवादी पार्टी के खिलाफ बिगुल फूंक चुके पूर्व मंत्री शिवपाल सिंह यादव अब पीछे मुड़कर देखने के मूड में दिखाई नहीं दे रहे हैं। समाजवादी सेक्युलर मोर्चा के गठन के बाद अब वे अधिक से अधिक लोगों को जोड़कर ताकत का अहसास करा रहे हैं। मोर्चा के कार्यकर्ता भी मौका मिलते ही शक्ति प्रदर्शन कर रहे हैं। मंगलवार को मोर्चा के बैनर तले निकाली गई गांधी जयंती यात्रा में भी शिवपाल सिंह समर्थकों ने शक्ति प्रदर्शन किया। बाइक, कारों का काफिला स्वयं मोर्चा संयोजक शिवपाल सिंह यादव ने रवाना किया।




दो साल की खींचतान के बाद सपा में कद्दावर मंत्री रहे सपा संस्थापक के भाई पूर्व मंत्री शिवपाल सिंह यादव ने आखिरकार सपा के खिलाफ बिगुल फूंक ही दिया। शिवपाल सिंह यादव ने हाल ही में समाजवादी सेक्युलर मोर्चा (अब बदला नाम प्रगतिशील समाजवादी पार्टी) का गठन करके जिलाध्यक्षों व मंडल प्रभारियों की भी घोषणा कर दी है। इतना ही उनके समर्थक मोर्चा की ताकत दिखाने का कोई भी मौका हाथ नहीं जाने दे रहे हैं, वे मौका मिलते ही शक्ति प्रदर्शन कर रहे हैं। 17 सितंबर को सैफई के एथलेटिक्स स्टेडियम में आयोजित माध्यमिक विद्यालयों की खेलकूद प्रतियोगिता में शिवपाल सिंह बतौर मुख्यअतिथि पहुंचे थे, कार्यक्रम स्कूली बच्चों का था लेकिन इसमें बच्चों से ज्यादा संख्या शिवपाल सिंह के समर्थकों की थी, कई जिलों के लोग पहुंचे थे और शिवपाल सिंह यादव जिंदाबाद के नारे लगे। इसके अलावा औरैया, मैनपुरी में भी किसी कार्यक्रम में शिवपाल सिंह पहुंचे तो समर्थकों ने शक्ति प्रदर्शन किया।




मंगलवार को गांधी जयंती के उपलक्ष में हर साल की तरह ही पूर्व सपा नेता फरहान शकील ने यात्रा निकाली। लेकिन अबकी यात्रा का स्वरूप बदला बदला दिखाई दिया। गांधी जयंती यात्रा समाजवादी सेक्युलर मोर्चा के बैनर तले निकाली गई और स्वयं शिवपाल सिंह यादव ने यात्रा को शहर के पचराहे से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। शहर के विभिन्न चौराहों से निकली इस यात्रा में भारी संख्या में शिवपाल सिंह समर्थक सेक्युलर मोर्चा के झंडे लगी बाइकों व कारों के काफिले के रूप में चल रहे थे। यात्रा भले ही गांधी जी की याद में निकाली गई हो लेकिन नारे शिवपाल चच्चा जिंदाबाद के लग रहे थे।




तेजी से बढ़ रहा है मोर्चाः शिवपाल

समाजवादी सेक्युलर मोर्चा के संयोजक शिवपाल सिंह यादव ने गांधी जयंती यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि मोर्चा तेजी से आगे बढ़ रहा है। हर जिले से लोग जुड़ रहे हैं। बड़े बड़े नेता साथ में आ रहे हैं, अभी तक कई पूर्व मंत्री, पूर्व विधायक साथ आ गए हैं। सेक्युलर मोर्चा का मकसद गरीब शोषितों की मदद करना है, साथ ही ये उन लोगों के लिए बनाया गया है जो अपने दलों में वर्षों मेहनत के बाद भी उपेक्षित हैं।


शिवपाल यादव ने किसानों की यात्रा पर कहा कि समाजवादी सेक्युलर मोर्चा किसानों का मोर्चा है एवं"किसान"मोर्चा के प्राथमिकता क्रम में सर्वोच्च है।"जय जवान,जय किसान"के उदघोषक की जयंती पर दिल्ली कूच कर रहे किसानों पर हुए बर्बर बल प्रयोग की हम कड़ी निंदा करते हैं व इस मुश्किल राजनैतिक परिप्रेक्ष्य में दृढ़ता से उनके साथ खड़े हैं।

Next Story