फतेहपुर

UP के फतेहपुर में दो दलित बहनों के शव तालाब में मिले, आंखों पर मिले चोट के निशान, पुलिस जांच में जुटी

Arun Mishra
17 Nov 2020 10:56 AM GMT
UP के फतेहपुर में दो दलित बहनों के शव तालाब में मिले, आंखों पर मिले चोट के निशान, पुलिस जांच में जुटी
x
परिजन ने दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका जताई है।

उत्तर प्रदेश के फतेहपुर में डबल मर्डर का मामला सामने आया है। यहां दो सगी दलित बहनों (12 साल और 8 साल) के शव सोमवार रात गांव के बाहर तालाब में मिले। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर दोनों शवों को तालाब से बाहर निकलवाया। परिजन के मुताबिक, 'दोनों बहनों के हाथ पुआल से बंधे थे। सिर और कान पर किसी धारदार हथियार से चोट के निशान थे। दोनों बच्चियों की एक-एक आंख भी फोड़ दी गई थी।' परिजन ने दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका जताई है। उधर, पुलिस बच्चियों की मौत का कारण डूबने को बता रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार है।

परिजन के मुताबिक, सोमवार शाम दोनों बहनें चने की भाजी लेने के लिए खेतों की तरफ गई थीं। जब वह देर शाम तक घर वापस नहीं लौटीं तो परिजन ने खोजबीन की। देर रात दोनों के शव तालाब में मिले। मां ने आशंका जताई- एक बेटी से दुष्कर्म किया गया होगा। जब दूसरी बेटी ने विरोध किया होगा तो दोनों की आंखें फोड़कर हत्या कर शव को तालाब में फेंक दिया गया।

पुलिस का दावा- पानी में डूबने से मौत

एएसपी ने बताया कि परिजन वऔर ग्रामीणों ने अज्ञात पर बलात्कार या बलात्कार करने में असफल होने पर हत्या करके शव तालाब में फेंके जाने का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि शव कब्जे में ले लिए गए हैं और मामले की गहराई से जांच-पड़ताल की जा रही है।

प्रयागराज रेंज के आईजी कवींद्र प्रताप सिंह ने पुलिस बल के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया है। उन्होंने पुलिस अधीक्षक को सभी पहलुओं की बारीकी से जांच के आदेश दिए हैं। SP प्रशांत वर्मा ने बताया कि असोथर थाना क्षेत्र में छिछनी गांव के तालाब में दो नाबालिग बच्चियों की लाश मिली। गांववालों के मुताबिक, दोनों बच्चियां तालाब में सिंघाड़ा तोड़ने आई थीं, जहां गहरे पानी में डूबने से दोनों की मौत हो गई।

Next Story