
- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- फतेहपुर
- /
- औचक निरीक्षण कर खनिज...
औचक निरीक्षण कर खनिज डायरेक्टर ने जानी ओवरलोडिंग की हकीकत

फ़तेहपुर । हुसेनगंज क्षेत्र के सातमील व बेरागढ़ीवा से 32 मोरंग के डंप चोरी हो जाने का प्रकरण भले ही स्थानीय पुलिस ने एक सत्ताधारी के दबाव में ठंडे बस्ते में डाल दिया हो मगर शासन लगातार इस प्रकरण की मॉनिटरिंग कर रहा है।
मोरंग चोरी केे बहुचर्चित प्रकरण में एफआईआर के बाद 12 लोगों को पुलिस ने नामजद कर चोरी का आरोपी बनाया था। लेकिन इनमें से एक भी मोरंग चोर को पुलिस ने पकड़ने की जहमत नहीं उठाई। दूसरी तरफ जनपद से ओवरलोड की लगातार मिल रही खबरों को संज्ञान में लेकर उत्तरप्रदेश भूतत्व व खनिकर्म की डायरेक्टर रोशन जैकब ने जनपद का गुरुवार देर शाम औचक निरीक्षण किया। उन्होंने कई स्थानों का निरीक्षण कर डीएम को दिशा निर्देश दिए।
बता दें कि खनिज डायरेक्टर रोशन जैकब ने जनपद में घूम घूमकर ओवरलोडिंग का निरीक्षण किया। उन्होंने औचक निरीक्षण कर जनपद की हक़ीक़त जानी। इस दौरान उन्होंने मोरंग चोरी प्रकरण में डंप के स्थानों का भी निरीक्षण किया। इसके बाद अवैध एंट्री के लिए कुख्यात सातमील के दो होटलों में खड़े होकर वहां की भी हकीकत जानी। उन्होंने एक होटल के परिसर में खड़े लगभग 60 ओवरलोड सीज ट्रकों के बारे में भी जानकारी ली। फिर देर रात आवश्यक निर्देश देकर वह वापस मुख्यालय लौट गईं।
फ़तेहपुर का खनिज डायरेक्टर ने औचक निरीक्षण किया था, किन प्रकरणों पर बात हुई या क्या कार्रवाई हुई इसकी पूर्ण जानकारी नहीं है। अभी वह एक मीटिंग में हैं। जानकारी कर अवगत कराया जाएगा।
राजेन्द्र कुमार निजी सचिव खनिज डायरेक्टर
देर शाम डायरेक्टर खनिज ने जनपद का औचक निरीक्षण किया था। मुख्य रूप से आने वाले समय मे वाहनों की टैंगिंग से सम्बंधित उनका निरीक्षण था। ओवरलोडिंग पर भी उन्होंने शिकंजा कसने के लिए निर्देशित किया है। जिस पर लगातार कार्य हो रहा है। ओवरलोडिंग पर सतत पर्यवेक्षण जारी है। लगातार कार्यवाहियां भी हो रही हैं। जल्द ही खनिज के वाहनों की टैंगिंग की प्रक्रिया शुरू होगी। जिससे सभी खनिज के वाहन लिंक हो जाएंगे। तब ओवरलोडिंग करने पर स्वतः जानकारी हो जाएगी और सम्बन्धित पर कठोर कार्रवाई सम्भव हो पाएगी।
अपूर्वा दुबे जिलाधिकारी
