फतेहपुर

भाजपा की नीतियों के खिलाफ दौड़ी सपा की साइकिल

Shiv Kumar Mishra
6 Aug 2021 5:44 AM GMT
भाजपा की नीतियों के खिलाफ दौड़ी सपा की साइकिल
x
सपाइयों ने सरकार को जमकर कोसा

फतेहपुर। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर पूरे जनपद में भाजपा की गलत नीतियों, मंहगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, कृषि कानून, कोरोनाकाल में नाकामी और प्रदेश में बढ़ रहे अपराधो तथा पार्टी महासचिव आजम खाॅन की रिहाई को लेकर पार्टी ने साइकिल यात्रा निकालने के साथ जमकर विरोध किया। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिये पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं राज्यसभा सदस्य विशम्भर प्रसाद निषाद जिले के प्रभारी बनाये गये है।

निषाद ने स्वयं शाह, बहुआ, गाजीपुर, कौण्डर-बौण्डर, मनावा और असोथर में साइकिल चलाकर भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों को आम जनमानस को अवगत कराया। असोथर नगर में उन्होंने नुक्कण सभा को सम्बोधित करते हुये आरोप लगाया कि सूबे की भाजपा सरकार सभी मोर्चो पर विफल है। उत्तर प्रदेश में कानून का राज नही बल्कि अपराधियों और भ्रष्टाचारियों का राज चल रहा है। सरकारी कार्यालयों में भाजपाईयों द्वारा किये जा रहे हमले और दूसरो की जमीनों में कब्जा करने का आरोप लगाते हुये कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में आम जनता भाजपा का सूपड़ा पूरी तरह साफ कर देगी।

उन्होंने आरोप लगाते हुये कहा कि किसी भी सरकारी कार्यालय और थानों में बगैर पैसे दिये सही कार्य भी नही हो रहे है। उन्होंने बताया कि पूरे जनपद में साइकिल यात्रा के जरिये किया गया विरोध प्रदर्शन पूरी तरह सफल रहा और इसमें जनता ने उत्साह पूर्वक हिस्सा लिया।

उधर बिन्दकी विधानसभा में अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष जगदीश सिंह चैहान उर्फ जालिम सिंह के नेतृत्व में कई गांवों में साइकिल यात्रा निकाली गयी। पूर्व जिलाध्यक्ष रामेश्वर दयाल गुप्ता ने कई गांवों में साइकिल चलाई और भाजपा सरकार की जमकर बखिया उधेड़ी। इसी प्रकार फतेहपुर, हुसैनगंज, जहानाबाद और खागा विधानसभाओं में सपाईयों ने साइकिल चलाकर भाजपा सरकार की गलत नीतियों का विरोध किया।

Next Story