
- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- गाजियाबाद
- /
- गाजियाबाद में दो घंटे...
गाजियाबाद में दो घंटे की मशक्कत के बाद पकड़ा 15 फुट का अजगर, देखिए हैरान कर देने वाला वीडियो

गाजियाबाद के मोदीनगर इलाके के तिबड़ा मार्ग पर गांव गढ़ी गदाना स्थित निर्माणाधीन कॉलोनी में बृहस्पतिवार सुबह 15 फुट लंबा अजगर मिलने से ग्रामीणों की सांसें अटक गईं। कुछ ही देर में मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने एक निजी संस्था के सहयोग से दो घंटे की मशक्कत के अजगर को पकड़ा।
मिली जानकारी के मुताबिक सुबह करीब आठ बजे निर्माणाधीन कॉलोनी के पास से गुजर रहे ग्रामीणों को विशालकाय अजगर दिखा। अजगर बंदर के बच्चे का पीछा करते हुए वहां खड़े शीशम पेड़ पर चढ़ गया। जानकारी के बाद थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और वन विभाग को मामले की जानकारी दी। वन दरोगा संजीव कुमार और वनकर्मी रोहित शर्मा मौके पर पहुंचे और अजगर को पकड़ने का प्रयास किया।
करीब दो घंटे के प्रयास के बाद वनकर्मियों ने वन्यजीव प्रेमी जगमोहन की सहायता से पेड़ पर सीढ़ी लगाकर अजगर को नीचे उतारा। ग्रामीणों के अनुसार अजगर कई दिन से रजवाहे के आसपास ही घूम रहा था। वन दरोगा संजीव कुमार ने बताया कि अजगर करीब 15 फुट लंबा था और उसका वजन लगभग 40 किलो था। अजगर को सुरक्षित पकड़कर उसे चुड़ियाला के जंगल में छोड़ दिया गया।
अरुण चंद्रा