गाजियाबाद

गाजियाबाद में 3 मंजिला मकान गिरने के बाद बिल्डर ने मानी गलती, कहा- 'मैं इससे भी सुंदर और मजबूत घर दूंगा'

Arun Mishra
3 Nov 2022 1:16 PM GMT
गाजियाबाद में 3 मंजिला मकान गिरने के बाद बिल्डर ने मानी गलती, कहा- मैं इससे भी सुंदर और मजबूत घर दूंगा
x
गाजियाबाद में स्थित शालीमार सिटी में एक तीन मंजिला मकान भरभराकर गिर गया था।

गाज़ियाबाद : उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जनपद में बुधवार की शाम को एक बड़ा हादसा हुआ था। गाजियाबाद में स्थित शालीमार सिटी में एक तीन मंजिला मकान भरभराकर गिर गया था। इस मामले में अब बिल्डर ने अपनी गलती मान ली है और उसने पीड़ित परिवार से बातचीत की है। बिल्डर का कहना है कि वह पीड़ित परिवार को इससे भी सुंदर और मजबूत मकान बनाकर देंगे।

बाल-बाल बची 6 लोगों की जान

शालीमार सिटी में बिल्डर द्वारा बेसमेंट की खुदाई कराते वक्त पास में बना तीन मंजिला मकान जमींदोज हो गया। गनीमत रही कि हादसे से पहले ही उसमें मौजूद सभी 6 लोग बाहर निकल गए थे, वरना बड़ा हादसा हो जाता। चार अन्य मकानों में भी दरार आ गई है। डर की वजह से इन मकानों में रहने वाले लोग बाहर निकल आए हैं। लोगों ने बिल्डर के खिलाफ पुलिस से शिकायत की है। जिला प्रशासन ने जांच के आदेश दिए हैं। अब इस मामले में बिल्डर ने मकान बनवाने का आश्वासन दिया है।

सुबह 9:00 बजे से हो रही थी खुदाई

शालीमार सिटी परिसर में इमारत बनाने के लिए बेसमेंट की खुदाई चल रही है। बुधवार को सुबह 9:00 बजे से परिसर की दीवार के पास बुलडोजर से खुदाई चल रही थी। करीब 20 फुट गहरा बेसमेंट खोदा जा चुका था। सुबह 11 बजे लोगों को पता चला कि उनके मकानों में दरार आ गई है। उन्होंने 100 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने खोदाई का काम रुकवा दी।

शाम 4:20 बजे आई थी दरार

मकान में दरार आने के बाद भी लोग अपने घरों से बाहर नहीं निकले। इनमें एक मकान शकील सैफी का भी है। मकान में शकील, उनकी पत्नी और दो बच्चे रहते हैं। उनके घर में दो मेहमान भी आए हुए हैं। परिवार को महसूस हो गया कि मकान गिरने वाला है। जिसके बाद उन्होंने मकान से सामान निकालना शुरू कर दिया। शाम 4:20 बजे शकील सैफी का मकान दरकना शुरू हो गया। तुरंत मकान से सभी लोग बाहर निकल आए। तीन मिनट बाद ही मकान भरभराकर गिर गया। इसके बाद जिन चार मकानों में दरार आई थी। उनमें से भी सभी लोग बाहर आ गए हैं। इस पर शालीमार सिटी डायरेक्टर विजय रावत ने बताया कि मुझे मकान गिरने की जानकारी मिल गई है। मकान बिना पिलर और बहुत ही कमजोर बना था। मैं पीड़ित का इससे अच्छा और मजबूत मकान बनवाकर दूंगा

Next Story