गाजियाबाद

कांग्रेस में शुरु हो गई विधानसभा चुनाव टिकट के लिए दौड़

Shiv Kumar Mishra
2 Aug 2021 9:45 AM GMT
कांग्रेस में शुरु हो गई विधानसभा चुनाव टिकट के लिए दौड़
x

गाजियाबाद। कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए तेजी से कदम बढ़ाने शुरू कर दिए हैं। पार्टी ने विधानसभा चुनाव लडऩे वाले प्रत्याशियों से आवेदन मांगे हैं। आज शाम तक जिला एवं महानगर कांग्रेस कमेटी कार्यालय पर आवेदन जमा किए जा सकते हैं। अभी तक शहर की पांच विधानसभा सीटों के लिए एक दर्जन से अधिक आवेदन पार्टी कार्यालयों पर जमा कराए जा चुके हैं। आवेदन करने वालों में पूर्व विधायक केके शर्मा, जिलाध्यक्ष बिजेंद्र यादव, पूर्व प्रदेश सचिव कार्तिकेय कौशिक और पार्षद मोहमद जाकिर अली सैफी प्रमुख नेता हैं। मुरादनगर सीट पर जिलाध्यक्ष बिजेंद्र यादव और शहर सीट पर पूर्व सांसद दिवंगत सुरेंद्र प्रकाश गोयल के पुत्र सुशांत गोयल की दावेदारी काफी प्रबल मानी जा रही है।

गौरतलब है कि कांग्रेस ने इस बार विधनसभा चुनाव से काफी पहले पार्टी के प्रत्याशी फाइनल करने का मन बनाया है। इसी क्रम में रविवार और सोमवार दो दिन चुनाव लडऩे के लिए दावेदारों के आवेदन जमा कराने के लिए दिन मुकर्रर किया गया है। गौरतलब है कि शहर और साहिबाबाद विधानसभा सीट महानगर कांग्रेस कमेटी के क्षेत्र में आती है। लोनी और मोदीनगर विधानसभा सीट जिला कांग्रेस कमेटी के क्षेत्र में है। मुरादनगर विधानसभा सीट का कुछ भाग महानगर में और कुछ जिला कांग्रेस कमेटी के क्षेत्र में आता है।

इसी गणित के हिसाब से महानगर कांग्रेस कमेटी में शहर और साहिबाबाद के आवेदन जमा कराए जा रहे हैं जबकि जिला कांग्रेस कमेटी में मोदीनगर और लोनी के आवेदन लिए जा रहे हैं। मुरादनगर विधानसभा सीट के लिए आवेदन जिला कांग्रेस या शहर कांग्रेस कमेटी कार्यालय किसी पर भी जमा कराए जा सकते हैं। जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय पर जिलाध्यक्ष बिजेंद्र यादव के अलावा संगठन प्रभारी अमोल वशिष्ठ, जिला कोषाध्यक्ष दिनेश शर्मा और जिला उपाध्यक्ष मोहम्मद हनीफ आवेदन ले रहे हैं। महानगर कांग्रेस कमेटी कार्यालय पर अध्यक्ष लोकेश चौधरी के अलावा वरिष्ठ कांग्रेसी बाबूराम शर्मा भी आवेदन स्वीकार कर रहे हैं।

जिलाध्यक्ष बिजेंद्र यादव ने बताया कि मुरादनगर विधानसभा सीट पर वे मजबूती के साथ चुनाव लडऩे की दावेदारी कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि लोनी सीट पर डॉ.वकील अहमद और आस मोहम्मद मलिक के आदेवन मिले हैं। मोदीनगर विधानसभा सीट पर आरिफ पंवार और किसान कांग्रेस के प्रदेश महासचिव सुनील शर्मा ने दावेदारी की है। महानगर कांग्रेस कमेटी कार्यालय पर पूर्व सांसद दिवंगत सुरेंद्र प्रकाश गोयल के पुत्र सुशांत गोयल, नवीन कुमार पोले, राहत अली और पार्षद मोहम्मद जाकिर अली सैफी ने दावेदरी की है। मुरादनगर सीट पर पूर्व विधायक केके शर्मा और पूर्व प्रदेश सचिव कार्तिकेय कौशिक ने भी आवेदन किया है।

साहिबाबाद विधानसभा सीट पर शशि भूषण शर्मा, उमेश शर्मा, मांगेराम त्यागी ने चुनाव लडऩे के लिए आवेदन किया है। जिलाध्यक्ष बिजेंद्र यादव काफी समय से मुरादनगर विधानसभा सीट से जुड़े हुए हैं। उनके कार्यक्षेत्र में भी मुरादनगर विधानसभा सीट आती है। वहां की जनता के बीच जाकर कई बड़े धरने और प्रदर्शन उन्होंने किए हैं। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू की सफल जनसभा उन्होंने मुरादनगर क्षेत्र में कराई थी। ऐसे में बिजेंद्र यादव की प्रबल दावेदारी मुरादनगर विधानसभा सीट पर मारी जा रही है। उधर, पूर्व सांसद सुरेंद्र प्रकाश गोयल के पुत्र सुशांत गोयल भी शहर की विधानसभा सीट पर सक्रिय हैं। पिछले काफी समय से उन्हें लोगों के बीच सामाजिक एवं सार्वजनिक कार्यक्रमों में देखा जा रहा है। ऐसे में सुशांत गोयल की दावेदारी शहर सीट से कांग्रेस के टिकट पर प्रबल मानी जा रही है।

महानगर अध्यक्ष लोकेश चौधरी का कहना है कि पूर्व में वे भी विधानसभा चुनाव लडऩे का मन बना रहे थे। महानगर अध्यक्ष बनाए जाने के बाद उन्होंने चुनाव लडऩे का निर्णय स्थगित कर दिया है। आज शाम तक आवेदन देने की प्रक्रिया पूरी होने के बाद कल तीन अगस्त को दावेदारों को लखनऊ प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय बुलाया गया है।

Next Story