गोंडा

UP: पहले छुए पैर, फिर गांव के प्रधान के सीने में मार दी गोली, फ‍िल्‍मी अंदाज में प्रधान की हत्‍या

Shiv Kumar Mishra
25 May 2023 3:37 PM GMT
UP: पहले छुए पैर, फिर गांव के प्रधान के सीने में मार दी गोली, फ‍िल्‍मी अंदाज में प्रधान की हत्‍या
x
पुलिस का कहना कि आरोपित ने पहले प्रधान के पैर छुए और फिर गोली मार दी।

गोंडा : भानपुर चौराहे पर परियावां के ग्राम प्रधान की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस के मुताबिक आरोपित ने पहले प्रधान के पैर छुए, इसके बाद सीने में सटाकर फायर कर दिया। हालांकि मृतक के स्वजन ने अभी तहरीर नहीं दी है। पुलिस घटना का कारण भूमि विवाद व पुरानी रंजिश बता रही है। घटना से लोगों में काफी आक्रोश है।

दोपहर करीब तीन बजे प्रतिदिन की तरह प्रधान भूपमणि शुक्ल भानपुर चौराहे स्थित चाय की दुकान पर बैठे थे। यहां से प्रधान मोटरसाइकिल पर बैठकर कहीं जाने को तैयार हुए। इसी बीच आरोपित ने प्रधान के सीने में सटाकर गोली मार दी।

पुलिस का कहना कि आरोपित ने पहले प्रधान के पैर छुए और फिर गोली मार दी। वहां मौजूद लोगों ने विरोध किया तो आरोपित धमकी देते हुए बाइक से भाग गया। स्वजन घायल प्रधान को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, यहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना से अस्पताल में भारी भीड़ जमा हो गई। स्वजन रो-रोकर बेहाल थे। हर कोई घटना से हतप्रभ दिखा।

बताया जाता है कि मृतक प्रधान और आरोपित युवक के बीच लकड़ी के एक मामले को लेकर चर्चा भी हुई थी। आरोपित लकड़ी काटने और बेचने का भी कार्य करता है। कुछ दिन पूर्व एक भट्ठे पर दिए गए लकड़ी के रुपये न मिलने पर आरोपित युवक ने बकायेदार की ट्रैक्टर-ट्राली रुकवा ली थी। उस समय प्रधान ने सुलह समझौता कर ट्रैक्टर-ट्राली छुड़वा दिया था।

भूपमणि शुक्ल पहली बार वर्ष 2021 प्रधान चुने गए थे। आरोपित भी ग्राम प्रधान पद का चुनाव लड़ा था। प्रभारी निरीक्षक मनोज पाठक ने कहा कि कुछ आरोपितों के नाम सामने आए हैं। तहरीर मिलने पर मुकदमा कर आरोपित को गिरफ्तार किया जाएगा। अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज ने कहा कि चार थानों की पुलिस को लगाया गया है। घटना के पीछे कई कारण बताए जा रहे हैं। तहरीर मिलने के बाद घटना का कारण स्पष्ट हो सकेगा। जल्द ही आरोपित को गिरफ्तार किया जाएगा।

Next Story