
- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- गोरखपुर
- /
- यूपी में बीजेपी नेता...

गोरखपुर। गोरखपुर में भाजपा किसान मोर्चा के नेता की गोली मारकर हत्या कर दी गई हैं। नित्यप्रकाश राय (65) मंगलवार की शाम खाना खाकर अपने दरवाजे पर सोए थे। रात लगभग 12 बजे एक बाइक पर सवार दो व्यक्ति आए और उन्हें जगा कर बात करते हुए घर से कुछ दूरी पर ले गए। हालांकि, उन्होंने वहां से भागने की कोशिश की तो हमलावरों ने पहले उनकी आंख में मिर्ची पाउडर डाल दी, जिससे कि उनकी आंखें बंद हो गई। इसके बाद हमलावरों ने उन्हें गोली मार दी। कमर में गोली लगते ही नित्यप्रकाश वहीं गिर पड़े। बगल में अपने दरवाजे पर सो रहे बुजुर्ग कैलाश राय गोली की आवाज सुनकर शोर मचाते हुए दौड़े।
लेकिन, हमलावर भाग निकले। घटना गोला इलाके के मन्नीपुर गांव की है। सूचना पर पहुंची पुलिस गांव वालों की मदद से घायल को अस्पताल ले गई। जहां, अधिक खून बहने से इलाज के दौरान सुबह नित्य प्रकाश ने दम तोड़ दिया। वहीं, पुलिस ने मृतक के बेटे की तहरीर पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है। थाना प्रभारी गोला अश्वनी तिवारी ने बताया, अभी हत्या की वजह सामने नहीं आ पाई है। जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। गोला इलाके के मन्नीपुर गांव निवासी नित्य प्रकाश राय (65) भाजपा किसान मोर्चा के नेता थे।
परिवार के लोगों के मुताबिक, उनकी किसी से न ही कोई दुश्मनी थी और न ही कोई पुराना विवाद था। हर रोज की तरह मंगलवार की रात वे अपने घर के बाहर सो रहे थे। रात करीब 12 बजे बाइक सवार कुछ बदमाश उनके घर पहुंचे और उन्हें बात करने के बहाने जबरदस्ती घर से कुछ दूरी पर प्राथमिक विद्यालय के पास तक साथ ले गए। परिवार के लोगों के मुताबिक, उन्हें कुछ शक हुआ तो उन्होंने पीछे मुड़कर भागने की कोशिश भी की। लेकिन, तभी बदमाशों ने उनकी आंख में मिर्ची पाउडर डाल दिया और फिर उनपर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। गोली उनके कुल्हे में लगते ही वह जमीन पर गिरकर तड़पने लगे।
उधर, गोली की आवाज सुन कर परिवार के लोग घटनास्थल की तरफ दौड़े। लेकिन, तब तक बदमाश वहां से भाग निकले। परिजन घायल को तत्काल पहले CHC ले गए। जहां से डॉक्टरों ने उन्हें बीआरडी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। लेकिन, इलाज के दौरान भोर में उनकी मौत हो गई। SP साउथ अरुण कुमार सिंह ने बताया, मृतक नित्यप्रकाश भाजपा किसान मोर्चा के गोला मण्डल के मंत्री थे। उनके बेटे की तहरीर पर हत्या का केस दर्ज कर पुलिस सर्विलांस की मदद से आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।