कानपुर

कानपुर में 24 घंटे में 17 सेमी बढा गंगा का जल स्तर, बाढ़ की फिर बन रही है आशंका

Smriti Nigam
16 Aug 2023 7:07 AM GMT
कानपुर में 24 घंटे में 17 सेमी बढा गंगा का जल स्तर, बाढ़ की फिर बन रही है आशंका
x
पहाड़ी क्षेत्रों में मूसलाधार बारिश के बाद गंगा का जलस्तर तेजी से बढ़ने लगा है।

पहाड़ी क्षेत्रों में मूसलाधार बारिश के बाद गंगा का जलस्तर तेजी से बढ़ने लगा है। जिसके चलते कानपुर में 20 दिन बाद बाढ़ का खतरा फिर से मंडराने लगा है। गंगा नदी चेतावनी बिंदु 113 मीटर को पार कर खतरे के निशान 114 मीटर से भी ऊपर बह रही हैं। वहीं मंगलवार को कानपुर से सटे शुक्लागंज में बाढ़ का पानी 7 मोहल्लों में घुस गया। मोहल्लों में करीब 1 फीट तक पानी बढ़ गया है। लोगों के आने-जाने के लिए नाव चल रही हैं।

कानपुर के निचले गांव में घुसा पानी

जिस तरीके से गंगा ने रौद्र रूप दिखाना शुरू किया है, इससे साफ हो गया कि 2010 में आई बाढ़ फिर से कानपुर में आ सकती है। सिंचाई विभाग के अधिकारी भी इससे इनकार नहीं कर रहे हैं।

जलस्तर बढ़ने के साथ बाढ़ चौकियों को भी अलर्ट कर दिया गया है। वहीं कानपुर के निचले इलाके चैनपुरवा में भी बाढ़ का पानी घुस गया है। इससे हालात तेजी से बिगड़ना शुरू हो गए हैं। वहीं घाटों पर भी फिर से सतर्कता बढ़ा दी गई है।

बीते 24 घंटे में 17 सेमी. बढ़ा जलस्तर

कानपुर गंगा बैराज के सभी 30 गेट खोल दिए गए हैं। कानपुर में जलस्तर मेंटेन के लिए भारी मात्रा बैराज से पानी छोड़ा जा रहा है। बैराज से 3 लाख 39 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। वहीं नरौरा डैम से 2 लाख 9 हजार और हरिद्वार से 2 लाख 10 हजार क्यूसेक मंगलवार को छोड़ा गया है। नरौरा और हरिद्वार से लगातार भारी मात्रा में पानी गंगा बैराज की तरफ छोड़ा जा रहा है। वहीं बीते 24 घंटे की बात करें तो 17 सेमी. तक जलस्तर बढ़ गया है।

शुक्लागंज के निचले इलाकों में बाढ़ का घुसने से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।

कानपुर में अभी क्या हालत हैं.

बाढ़ का पानी घुसने से लोगों को घर से निकलने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

बाढ़ का पानी घुसने से लोगों को घर से निकलने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

कानपुर के निचले इलाके चैनपुरवा में भी बाढ़ का पानी घुस गया है।

जलस्तर बढ़ने के बाद कानपुर स्थित अटल घाट की सीढ़ियां तक डूब गईं हैं।

शुक्लागंज में खतरे के निशान के करीब गंगा

शुक्लागंज में भी गंगा का जलस्तर बढ़ने के कारण खतरे के निशान 113 मीटर से 56 सेंटीमीटर दूर हैं। वहीं जलस्तर बढ़ने से शुक्लागंज के श्री नगर, रविदास नगर, इंद्रा नगर, शक्ति नगर, मनोहर नगर में भी बाढ़ का पानी घुस गया है। इसके अलावा तटवर्ती इलाकों में कर्बला, हुसैन नगर, शाही नगर, सैयद कंपाउंड, चंपा पुरवा, तेजी पुरवा, मनसुख खेड़ा में बाढ़ का पानी 1 फीट तक चढ़ गया है।

गांवों को खाली कराया जा रहा

गंगा का जलस्तर बीते 1 हफ्ते से लगातार बढ़ रहा है। 9 अगस्त को जलस्तर बढ़ने के बाद गंगा में पुराना कानपुर के सरयू पुरवा में 2 मकान गंगा में समा गए थे। इसको देखते हुए प्रशासन ने गांवों को अलर्ट जारी कर दिया है। चैनपुरवा में गांवों को खाली करने का नोटिस जारी कर दिया गया है। वहीं गंगा किनारे और घाट किनारे रह रहे लोगों को हटाया जाना शुरू कर दिया गया है।

गंगा का जलस्तर इस प्रकार है-

अपस्ट्रीम (बिठूर से बैराज तक) 114.020 मीटर

डाउस्ट्रीम (बैराज से शुक्लागंज) 113.820 मीटर

नरोरा बांध से छोड़ा गया जल 2 लाख 9 हजार क्यूसेक

हरिद्वार से जल छोड़ा गया जल 2 लाख 10 हजार क्यूसेक

कानपुर से छोड़ा गया जल 3 लाख 39 हजार क्यूसेक

शुक्लागंज का जलस्तर 112.60 मीटर

शुक्लागंज में चेतावनी बिंदु 112 मीटर

कानपुर में चेतावनी बिंदु 113 मीटर

Next Story