
- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- लखनऊ
- /
- विकास दुबे के घर से AK...

रजत शर्मा
2 जुलाई की रात कानपुर के बिकरू गांव में पुलिस मुठभेड़ के आरोपी और विकास दुबे के सहयोगी शशिकांत को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। शशिकांत से पूछताछ के आधार पर मुठभेड़ में लूटी गई पुलिस की AK-47 रायफल, 17 कारतूस और इंसास रायफल के 20 कारतूस बरामद कर लिए गए हैं। यह जानकारी उत्तर प्रदेश के एडीजी कानून व्यवस्था प्रशांत कुमार ने प्रेस कान्फ्रेंस में दी।
एडीजी ने आगे बताया कि कानपुर एनकाउटंर केस में 21 आरोपियों के नाम सामने आए हैं जिसमें से अब तक चार को गिरफ्तार कर लिया गया है जबकि छह आरोपी अलग-अलग पुलिस मुठभेड़ में मारे गए है। उन्होंने बताया कि अभी अन्य 11 की तलाश की जा रही है।
2 जुलाई की रात हुए कानपुर एनकाउंटर से लेकर अबतक विकास दुबे समेत छह बदमाश पुलिस एनकाउंटर में मारे जा चुके हैं। 10 जुलाई को विकास दुबे पुलिस एनकाउंटर में मारा गया। यूपी एसटीएफ की टीम विकास दुबे को उज्जैन से लेकर कानपुर आ रही थी तभी बीच में विकास की गाड़ी पलट गई। इसके बाद विकास सुरक्षाकर्मियों की पिस्टल छीन कर भागने लगा। इस दौरान विकास ने पुलिसकर्मियों पर फायरिंग भी की। सुरक्षाकर्मियों ने भी अपने बचाव में गोलियां चलाईं। मुठभेड़ में विकास गंभीर रूप से घायल हो गया। सुरक्षाकर्मी उसे लेकर हैलट अस्पताल पहुंचे जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इससे पहसे विकास दुबे का राइट हैंड कहे जाने वाले अमर दुबे को 8 जुलाई को यूपी के हमीरपुर में यूपी एसटीएफ के साथ मुठभेड़ में मारा गया। अगले ही दिन 9 जुलाई को विकास दुबे के दो और करीबी साथी प्रभात मिश्रा व प्रवीण उर्फ बउवा दुबे गुरुवार सुबह पुलिस मुठभेड़ में मारे गए।