लखनऊ

उच्च शिक्षा के पाठयक्रमों में शामिल हो महाराजा सुहेलदेव राजभर का स्वर्णिम इतिहास: ओम प्रकाश राजभर

Shiv Kumar Mishra
27 Jan 2023 2:17 PM GMT
उच्च शिक्षा के पाठयक्रमों में शामिल हो महाराजा सुहेलदेव राजभर का स्वर्णिम इतिहास: ओम प्रकाश राजभर
x

सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने प्रदेश सरकार से मांग की है कि महाराज सुहेलदेव राजभर की जीवनगाधा और शौर्यकथा को उच्च शिक्षा के पाठयक्रम में शामिल किया जाए। उनके इतिहास पर और अधिक शोध की जरूरत है। पूर्व के इतिहासकारों ने महाराजा सुहेलदेव राजभर के इतिहास को छिपाने का प्रयास किया, लेकिन आज देश व प्रदेश का हर बच्चा उनके शौर्य से वाकिफ है। शोध में यह भी जानने की कोशिश होनी चाहिए कि इतिहासकारों ने ऐसा क्यों किया?


26 जनवरी गणतंत्र दिवस के मौके पर पार्टी द्वारा पूरे प्रदेश में आयोजित महाराजा सुहेलदेव जयंती मनाई गई। इसी क्रम में ओम प्रकाश राजभर ने अपने विधानसभा क्षेत्र जहुराबाद में उनकी प्रतिमा का अनावरण किया। शुक्रवार को मीडिया को जारी बयान में उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार महाराजा सुहेलदेव के जीवन से जुड़े स्थलों, टीलों आदि का सुंदरीकरण कराने का काम शुरू करे।

महाजारा सुहेलदेव राजभर राष्ट्र, समाज, संस्कृति और सभ्यता की लड़ाई लड़ने वाले महान योद्धा थे। 20 साल पहले वाराणसी के सारनाथ में महाराजा सुहेलदेव राजभर के स्वर्णिम इतिहास से देश के हर व्यक्ति को अवगत कराने का जो संकल्प उठाया था वह पूरा होता नजर आ रहा है। आज हर आम व खास महाराजा सुहेलदेव के शौर्य को जान चुका है। गुमनामी की जिंदगी बसर कर रहे राजभर समाज जाग गया है।


उन्होंने कहा है कि सुभासपा का गठन ही महाराजा सुहेलदेव राजभर के सपने को देश की कानून व्यवस्था में लागू करने के लिए किया गया है और हम संकल्पित हैं कि चाहे जो भी स्थितियां आएं पार्टी अपने मूल उद्देश्यों की लड़ाई हमेशा लड़ती रहेगी। आज गरीब वंचित समाज की मूलभूत परेशानी शिक्षा, चिकित्सा तथा रोजगार है। समाज में शांति एवं समानता की सबसे ज्यादा जरूरत है। सबसे पहले शिक्षा के क्षेत्र में सुधार होना चाहिए। देश में सब को एक समान अनिवार्य एवं फ्री शिक्षा मिलनी चाहिए। प्रदेश में पूर्ण शराबबंदी की लड़ाई पार्टी को और तेज करेगी। महिलाओं को हर क्षेत्र में 50 फीसदी आरक्षण के लिए महिला हक और अधिकार रैलियां और तेज की जाएंगी।

Next Story