लखनऊ

CM योगी बोले, 'प्रियंका गांधी के राजनीति में आने से BJP पर नहीं पड़ेगा कोई असर' - गठबंधन को बताया 'हौवा'

Special Coverage News
16 March 2019 9:34 AM GMT
CM योगी बोले, प्रियंका गांधी के राजनीति में आने से BJP पर नहीं पड़ेगा कोई असर - गठबंधन को बताया हौवा
x
योगी ने कहा कि नया नया बना गठबंधन और कुछ नहीं बल्कि 'हौवा' है?

लखनऊ : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को कहा कि प्रियंका गांधी वाड्रा के राजनीति में प्रवेश से लोकसभा चुनावों में भाजपा की संभावनाओं पर राज्य में कोई असर नहीं पडे़गा। योगी ने पीटीआई-भाषा से कहा, ''कांग्रेस ने उन्हें (प्रियंका) इस बार पार्टी महासचिव (पूर्वी उत्तर प्रदेश का प्रभारी) बनाया है। यह उस पार्टी (कांग्रेस) का अंदरूनी मामला है। पूर्व में भी वह कांग्रेस के लिए प्रचार कर चुकी हैं और इस बार भी इससे (भाजपा को) कोई फर्क नहीं पड़ने वाला है।''

उन्होंने सपा-बसपा गठबंधन पर कहा कि यह गठबंधन पहले ही विवादों में उलझ चुका है। रविवार को चुनाव कार्यक्रम घोषित होने के बाद अपने पहले साक्षात्कार में योगी ने कहा कि नया नया बना (सपा-बसपा) गठबंधन पहले ही विवादों में उलझ गया है। यह (गठबंधन) और कुछ नहीं बल्कि 'हौवा' है। मुख्यमंत्री ने एयर स्ट्राइक, राम मंदिर और गो हत्या जैसे मुद्दों पर किये गये तमाम सवालों का जवाब दिये।

आपको बतादें उत्तर प्रदेश की कुल 80 लोकसभा सीटों पर सात चरणों में मतदान संपन्न होगा। राज्य में लोकसभा चुनाव के मतदान का पहला चरण 11 अप्रैल को शुरू होगा, जबकि सातवां एवं अंतिम चरण 19 मई को होने वाले मतदान के साथ संपन्न होगा। मतों की गणना 23 मई को की जाएगी। उत्तर प्रदेश में 7.79 करोड़ पुरुष, 6.61 करोड़ महिला तथा 8374 अन्य समेत 14.4 करोड़ मतदाता हैं। उत्तर प्रदेश में मतदान के लिये कुल 91709 मतदान केन्द्र बनाये जाएंगे।

Next Story