
- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- पूर्व विधायक अमनमणि...
पूर्व विधायक अमनमणि त्रिपाठी को बसपा से बड़ा झटका, पार्टी ने किया निष्कासित, जानिए- क्या है वजह?

यूपी के महराजगंज जिले की नौतनवा सीट के पूर्व विधायक एवं 2022 विधानसभा के बसपा प्रत्याशी रहे अमनमणि त्रिपाठी को बहुजन समाज पार्टी ने मंगलवार को पार्टी से निष्कासित कर दिया। बसपा का उन पर अनुशासनहीनता एवं पार्टी विरोधी गतिविधियों में लिप्त होने का आरोप है। बसपा जिलाध्यक्ष वीरेंद्र कुमार राव ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर इसकी जानकारी दी। इसमें कहा गया है कि अमनमणि को कई बार चेतावनी दी गई थी लेकिन उनकी कार्यशैली में कोई सुधार नहीं आया।
अमनमणि त्रिपाठी ने 2022 के विधानसभा चुनाव में बहुजन समाज पार्टी का दामन थामा था। बसपा के टिकट से ही उन्होंने 2022 में नौतनवा विधानसभा से चुनाव लड़ा था। हालांकि, उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। अब बहुजन समाज पार्टी ने उन्हें अनुशासनहीनता एवं पार्टी विरोधी गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने पर पार्टी से निष्कासित कर दिया है। पार्टी के जिलाध्यक्ष विरेंद्र कुमार राव ने बताया कि पूर्व में भी पार्टी विरोधी गतिविधियों और अनुशासनहीनता को लेकर उन्हें चेतावनी दी जा चुकी थी।
बगावतों पर सख्त हुईं मायावती
बसपा सुप्रीमो मायावती ने निकाय चुनाव के उम्मीदवारों के नामों के फाइनल होने के बाद सामने आ रही बगावतों पर काफी सख्त रुख अपना लिया है। पार्टी ने निकाय चुनाव की जिम्मेदारी मंडल प्रभारियों को दी है। मंडल प्रभारियों से कहा गया है कि वे अपने-अपने मंडलों में रहकर सेक्टर प्रभारियों के साथ मिलकर काम करें।