मेरठ

बेडरूम में घुसकर पति-पत्नी को मारी गोली,कारोबारी पति की मौत,पत्नी गंभीर,बेटा-पोती को कमरे में बंद कर की लूटपाट

Smriti Nigam
10 Aug 2023 9:29 AM GMT
बेडरूम में घुसकर पति-पत्नी को मारी गोली,कारोबारी पति की मौत,पत्नी गंभीर,बेटा-पोती को कमरे में बंद कर की लूटपाट
x
मेरठ में गुरुवार सुबह बदमाशों ने घर में घुसकर पति-पत्नी को गोली मार दी। हमले में कारोबारी पति की मौत हो गई।

मेरठ में गुरुवार सुबह बदमाशों ने घर में घुसकर पति-पत्नी को गोली मार दी। हमले में कारोबारी पति की मौत हो गई। जबकि पत्नी गंभीर है। उन्हें KMC अस्पताल में भर्ती कराया है। वारदात के वक्त कारोबारी का बेटा और उसकी पोती घर में थी। बदमाशों ने उनका कमरा बाहर से बंद कर दिया। वहीं, दूसरा बेटा और उसकी पत्नी मॉर्निंग वॉक पर गईं थीं। वारदात सुबह 8 बजे देहली गेट इलाके की है।

पुलिस ने बताया कि हमले में स्पोर्ट्स कारोबारी DK जैन उर्फ धनकुमार जैन (70) की मौत हो गई। जबकि उनकी पत्नी अंजू जैन (65) की हालत गंभीर बनी है। बदमाशों ने बेडरूम के अंदर ही दोनों को गोली मारी है। पुलिस को शंका है कि घर का मेन गेट खुला होने के कारण ही बदमाश अंदर आए और वारदात की।

पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, दो नकाबपोश बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया है। बदमाशों पहले घर के अंदर घुसे। इसके बाद कारोबारी के बेटे अभिषेक और पोती ताशी को कमरे में बंद कर दिया। फिर घर में लूटपाट की। इस दौरान DK जैन और उनकी पत्नी जग गए। विरोध किया तो DK जैन के सीने में गोली मार दी। बीच-बचाव में भी पति को भी गोली मार दी।

दिनदहाड़े शहर की पॉश इलाके में हुई वारदात की खबर मिलते ही IG नचिकेता झा, SSP रोहित सिंह सजवाण, SP सिटी पीयूष सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। सूत्रों के मुताबिक, आस-पास लगे हुए CCTV में दो हमलावर नजर आए हैं। हालांकि, पुलिस ने इस बारे में कोई जानकारी नहीं दी।

हालांकि, जिस तरह से वारदात को अंदाज दिया गया है। उससे पुलिस को शक है कि किसी परिचित या नजदीकी ने ही वारदात की है। उसको पूरे घर की जानकारी थी। यह भी पता था कि एक बेटा मॉर्निंग वॉक के लिए कितने बजे जाता है। क्योंकि, उसके जाने के बाद ही बदमाशों ने घर में एंट्री की।

बेटा कुछ दिन पहले ही विदेश से आया था

वारदात के वक्त घर में बेटा अभिषेक और पोती आशी थी। अभिषेक नार्वे में जॉब करता है। वह कुछ दिन पहले ही मेरठ आया था। जबकि बड़ा बेटा नवीन जैन अपनी पत्नी के साथ मॉर्निंग वॉक पर गया था। पुलिस को यह भी आशंका है कि हमलावरों को कारोबारी ने पहचान लिया होगा। इसलिए हत्या कर दी। घर से कुछ सामान भी गायब है।

दूधिया पहुंचा तो वारदात की जानकारी हुईं

वारदात की जानकारी तब हुई, जब दूधिया घर पहुंचा। दूधिया ने आवाज लगाई। अंदर से कोई नहीं निकला। तब वह घर के अंदर गया। अंदर देखा तो खून से लथपथ दोनों पड़े हुए थे। इसके बाद दूधवाले ने पड़ोसियों को बताया। पुलिस ने दूधिया को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।

पुलिस CCTV कैमरे खंगाल रही

SSP रोहित सिंह सजवाण ने बताया, ''सुबह 8 बजे के करीब दो लोग घर आए और बुजुर्ग दंपती पर गोली मारकर लूटपाट की। पुलिस CCTV कैमरे खंगाल रही है। ये दो लोग कौन थे? पता कर रहे हैं। तहरीर लेकर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। शुरुआती जांच में लूटपाट का मामला लग रहा है। वारदात के वक्त घर में 4 लोग मौजूद थे। सामान कितना गया, यह अभी चेक कर रहे हैं।''

Next Story