नोएडा

नोएडा मम्मी-पापा से नाराज होकर किशोरी ने घर छोड़ा, ऑनलाइन लूडो खेलने वाले युवक के पास जा पहुंची गुजरात

Shiv Kumar Mishra
14 Oct 2020 2:17 PM GMT
नोएडा मम्मी-पापा से नाराज होकर किशोरी ने घर छोड़ा, ऑनलाइन लूडो खेलने वाले युवक के पास जा पहुंची गुजरात
x

नोएडा ,घरवालों से नाराज होकर गुजरात गई एक किशोरी को नोएडा की थाना सेक्टर-58 पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया है। थाना सेक्टर-58 के प्रभारी पुलिस निरीक्षक अनिल कुमार सिंह ने बताया कि सेक्टर-62 स्थित एक सोसाइटी में रहने वाली 17 वर्षीय किशोरी अपने घरवालों से नाराज होकर 12 अक्टूबर को घर से चली गई थी। लड़की लॉकडाउन के दौरान उसके साथ ऑनलाइन लूडो खेलने वाले युवक के पास गुजरात जा रही थी।

उन्होंने बताया कि किशोरी गुजरात में रहने वाले अपने एक दोस्त के यहां जाने के लिए निकली थी। गुजरात का यह युवक और लड़की लॉकडाउन पीरियड के दौरान ऑनलाइन लूडो खेलते थे। इसी दौरान इनकी दोस्ती हो गई थी। उन्होंने बताया कि इस मामले में किशोरी के परिजनों ने थाना सेक्टर-58 में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। थाना प्रभारी ने बताया कि किशोरी ट्रेन से गुजरात जा रही थी और किशोरी के परिजन पुलिस के साथ विमान से गुजरात पहुंचे।

उन्होंने बताया कि जिस युवक के पास किशोरी जा रही थी, उस युवक को पुलिस ने विश्वास में लिया। उस युवक ने किशोरी को गुजरात रेलवे स्टेशन में उनसे मिलवा दिया। उन्होंने बताया कि किशोरी को सकुशल नोएडा लाया गया है। पूछताछ के दौरान उसने पुलिस को बताया कि वह अपने परिजनों से किसी बात को लेकर नाराज हो गई थी। गुस्से में आकर घर छोड़कर चली गई थी।

पुलिस ने परिजनों को समझाया है। साथ ही किशोरी के बयान दर्ज किए गए हैं। अब लड़की को को गुस्सा नहीं है। उसे अपने फैसले पर पछतावा है। उसने परिवार के साथ जाने की बात कही है। जिसके बाद पुलिस ने लड़की को घर भेज दिया है। इससे न केवल लड़की के परिजन बल्कि पुलिस भी चिंतित है। दरअसल, कम उम्र के बच्चों में इस तरह की प्रवृत्ति बेहद खतरनाक है।

Next Story