नोएडा

जानिए कौन है इशिता किशोर? जिन्होंने यूपीएससी परीक्षा में पाया है प्रथम स्थान

Shiv Kumar Mishra
23 May 2023 11:43 AM GMT
जानिए कौन है इशिता किशोर? जिन्होंने यूपीएससी परीक्षा में पाया है प्रथम स्थान
x
दूसरे स्थान पर गरिमा लोहिया रही हैं, जबकि तीसरे स्थान पर उमा हरित एन हैं.

गौतमबुद्ध नगर की बेटियों ने इस बार यूपीएससी की परीक्षा में इतिहास रच दिया है। मंगलवार की दोपहर बाद संघ लोक सेवा आयोग की प्रतिष्ठित भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) का परीक्षा परिणाम घोषित हुआ है। जिसमें ग्रेटर नोएडा के जलवायु विहार में रहने वाली इशिता किशोर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया है। यानी इशिता किशोर देश भर में नंबर वन रैंक पर रही है। मैरिट ऑर्डर में चौथे स्थान पर नोएडा शहर की स्मृति मिश्रा है। गौतमबुद्ध नगर को इतिहास में पहली बार इस परीक्षा का टॉपर पर मिला है। खास बात यह है कि टॉप 5 सफल अभ्यर्थियों में दो गौतम बुद्ध नगर से हैं और दोनों बेटियां हैं। नोएडा की दोनों बेटियों ने आज नाम रोशन किया है।

कुल 933 अभ्यर्थी पास हुए

संघ लोक सेवा आयोग ने मंगलवार की दोपहर बाद भारतीय प्रशासनिक सेवा परीक्षा का परिणाम घोषित किया है। जिसके तहत भारतीय प्रशासनिक सेवा, भारतीय विदेश सेवा, भारतीय पुलिस सेवा और केंद्रीय सेवाओं के ग्रुप ए और ग्रुप B के लिए परिणाम घोषित किए गए हैं। कुल 933 अभ्यार्थियों को सफल घोषित किया गया है। इनमें 345 अभ्यर्थी सामान्य वर्ग के हैं। रिजल्ट के मुताबिक 99 अभ्यर्थी इकोनॉमिक वीकर्स सेक्शन से हैं। अन्य पिछड़ा वर्ग के 263, अनुसूचित जातियों के 154, अनुसूचित जनजातियों के 72 युवक और युवतियां सफल घोषित किए गए हैं। लोक सेवा आयोग ने 178 अभ्यर्थियों को वेटिंग लिस्ट में रखा है।

नोएडा और ग्रेटर नोएडा की हुई बल्ले-बल्ले

यह परीक्षा परिणाम उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर जिले के लिहाज़ से शानदार रहा है। ग्रेटर नोएडा के जलवायु विहार में रहने वाली इशिता किशोर ने आईएएस की परीक्षा में टॉप किया है। उन्हें रैंकिंग में पहला स्थान मिला है। टॉप 5 सफल अभ्यर्थियों में चौथे नंबर पर नोएडा की रहने वाली स्मृति मिश्रा है। स्मृति मिश्रा नोएडा के सेक्टर-41 में रहती है।

सीएम योगी ने सभी अभ्यर्थियों को दी बधाई

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए ट्वीट किया है। योगी आदित्यनाथ ने लिखा है, "UPSC की प्रतिष्ठित सिविल सेवा परीक्षा-2022 में सफल सभी अभ्यर्थियों को बहुत-बहुत बधाई! पूर्ण विश्वास है कि आप सभी 'Nation First' की भावना, अटूट कर्तव्यनिष्ठा व पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ 'आत्मनिर्भर भारत' के निर्माण में अपना अमूल्य योगदान देंगे। आप सभी के उज्ज्वल भविष्य हेतु अनंत मंगलकामनाएं।"

Next Story