
- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- नोएडा
- /
- भाकियू के पश्चिमी...
भाकियू के पश्चिमी प्रदेश अध्यक्ष व 10 लोगों पर लगे कई संगीन आरोप, रिपोर्ट दर्ज

(धीरेन्द्र अवाना)
नोएडा।आज भाकियू के किसान नेता व उसके साथ शामिल 10 लोगों पर हत्या की साजिश, जालसाजी और कई संगीन मामलों में थाना सेक्टर-49 में एफआईआर दर्ज की गयी है।इसमें भाकियू के पश्चिमी प्रदेश अध्यक्ष का भी नाम था। लखनऊ के गोमती नगर निवासी रविन्द्र कुमार सिंह ने कई संगीन आरोप लगाते हुये रिपोर्ट दर्ज करायी है।आरोप है कि जमीन बेचने के नाम पर उनसे धोखाधड़ी की गयी है।
आको बता दे कि दर्ज रिपोर्ट में रविन्द्र कुमार ने बताया कि उन्होंने कमल सिंह, उसकी पत्नी व बेटे मोहित निवासी ग्राम बरौला (Baraula) से 170 गज की जमीन खरीदने का सौदा किया। उन्होंने आरोपी कमल सिंह से ग्राम बरौला में खसरा नं0 941 पर 109 वर्गगज जमीन का बैनामा 17 अगस्त 2022 को अपनी कंपनी रेज इसीपी प्रा0लि0 के नाम से करवाया। इसके बाद उन्होंने खसरा नं0 941 में रकवा 170 वर्ग जमीन खरीदने का सौदा किया। यह सौदा 1 करोड, 30 लाख, 90 हजार रू0 में हुआ। सौदे के अनुसार उन्होंने 42 लाख 50 हजार रू0 कमल सिंह के एकाउंट में ट्रांसफर किए तथा 21-21 लाख के 40 पीडीसी चैक कमल सिंह को दिये। कमल सिंह के कहने पर उन्होंने संदीप बैसोया व रेशा बैसोया के खाते में 9 लाख, 40 हजार रू0 जमा कराए। 19 जून 2023 को कमल सिंह ने बैनामा कराने के दौरान बताया कि 170 वर्गगज जमीन दो हिस्सों में विभाजित है और दोनों उसी के नाम पर पंजीकृत हैं। जब उन्होंने कमल सिंह से जमीन की रजिस्ट्री की मूल प्रति मांगी तो कमल सिंह ने कहा कि वह बैंक के लॉकर में रखी है। एक-दो दिन में बैंक से लाकर उन्हें सौंप देंगे। लेकिन कमल सिंह के दिमाग में षडय़ंत्र चल रहा था उसने रजिस्ट्री की मूल कॉपी दिए बिना ही बैंक में पीडीसी चैक को लगा दिया जो बाउंस हो गए।
रविन्द्र कमार ने बताया कि उन्होंने 2 अगस्त 2023 को प्लॉट पर मजदूर बुलाकर काम शुरू करवाया तो भारतीय किसान यूनियन के पश्चिमी प्रदेश अध्यक्ष पवन खटाना व किसान नेता सुभाष चौधरी मौके पर आए और मजदूरों के साथ गाली-गलौज करने लगे। सुभाष चौधरी व पवन खटाना ने उनसे 1 करोड़, 40 लाख रू0 की डिमांड की तथा मजदूरों को पीट कर मौके से भगा दिया।रविन्द्र कुमार ने बताया कि कमल सिंह ने 100 वर्ग गज जमीन की रजिस्ट्री पूर्व में ही किसी और के नाम करा दी थी और उससे 20 लाख रू0 उठा रखे थे। जबकि 70 वर्गगज प्लॉट को भी उसने दो लोगों को बेंच दिया था। इस मामले में पीडि़त ने कमल सिंह व उसके संगठित गिरोह के खिलाफ एफआईआर दर्ज करायी है। रविन्द्र सिंह की शिकायत पर पुलिस ने कमल सिंह, उसकी पत्नी, पुत्र मोहित, सुभाष चौधरी, पवन खटाना, भूरा गुर्जर, अभय सिंह, संदीप बैसोया, रेशा बैसोया व एक अज्ञात के विरूद्ध धारा-420, 406, 467, 468, 471, 504, 506, व 120बी के तहत मामला दर्ज कर लिया है।