Archived

BJP नेता संगीत सोम के बयान पर ओवैसी का पलटवार, कहा- क्या PM मोदी...

Vikas Kumar
16 Oct 2017 8:00 AM GMT
BJP नेता संगीत सोम के बयान पर ओवैसी का पलटवार, कहा- क्या PM मोदी...
x
बीजेपी विधायक संगीत सोम के ताजमहल पर दिए गए बयान पर AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा क्या प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी...

उत्तर प्रदेश : बीजेपी विधायक संगीत सोम के ताजमहल पर दिए गए बयान पर AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने पलटवार किया है। उन्होंने संगीत सोम के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि 'क्या प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लालकिले से तिरंगा फहराना बंद कर देंगे?'

असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि लाल किले को भी गद्दारों ने बनाया था, क्या पीएम मोदी लालकिले से तिरंगा फहराना बंद कर देंगे। क्या मोदी-योगी देशी-विदेशी सैलानियों को ताजमहल जाने से मना करेंगे। हैदराबाद हाउस भी गद्दारों के द्वारा ही बनाया गया था, क्या प्रधानमंत्री मोदी वहां पर विदेशी मेहमानों को रिसीव करना बंद कर देंगे।

दरअसल ताजमहल को लेकर चल रहे विवाद पर BJP विधायक संगीत सोम ने रविवार को एक कार्यक्रम में कहा कि 'कुछ लोगों को बहुत बुरा लगा जब ताजमहल का नाम देश के ऐतिहासिक स्थलों में से निकाल दिया गया। आखिर ऐसा क्यों हुआ?'

संगीत सोम ने कहा है कि ताजमहल भारतीय संस्कृति पर धब्बा है। ये कैसा इतिहास, किस काम का इतिहास जिस में अपने पिता को ही कैद कर डाला था। इन लोगों ने हिंदुस्तान में हिन्दुओं का सर्वनाश किया था। उन्होंने कहा कि देश का इतिहास अब तक बिगड़ा हुआ था उसे सुधारने का काम भारतीय जनता पार्टी कर रही है।

उन्होंने कहा कि अब बीजेपी सरकार देश के इतिहास से बाबर, अकबर और औरंगजेब की कलंक कथा को इतिहास से निकालने का काम कर रही है। यहां एक तरफ भगवान शिव, भगवान राम और भगवान कृष्ण का अवतार हुआ तो दुर्भाग्य से यहां बाबर और अकबर का अवतार भी हुआ।

बता दें कि उत्तर प्रदेश सरकार की पर्यटन गंतव्यों की बुकलेट जारी होते ही विवादों में आई गई थी। इस बुकलेट में ताजमहल को ही शुमार नहीं किया गया था। जबकि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गोरखधाम मंदिर को जगह दी गई।

Next Story