
- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- प्रयागराज
- /
- चाचा ने भतीजों को मारी...
चाचा ने भतीजों को मारी गोली,एक की मौत, दूसरे की हालत गंभीर

पुलिस ने हत्या के आरोपी नीलू शुक्ला को गिरफ्तार किया।
प्रयागराज। करछना के सेमरी गांव में सोमवार सुबह रास्ते के विवाद में दो परिवारों में झड़प हो गई। मारपीट होने पर आक्रोशित चाचा ने लाइसेंसी बंदूक से अपने दो भतीजों को ताबड़तोड़ फायर झोंक दिया। इस घटना से गांव में सनसनी फैल गई। घायलों को स्वरूप रानी नेहरू अस्पताल भेजा गया जहां डॉक्टरों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया। वारदात की जानकारी मिलने पर पहुंची पुलिस ने गांव में डेरा डाल दिया है।
सेमरी गांव निवासी दिनेश शुक्ला व नीलू शुक्ला दो सगे भाई हैं। दोनों भाइयों में जमीन व रास्ते को लेकर विवाद चला रहा है। सोमवार सुबह 6 बजे के आसपास एक लड़का उक्त विवादित मार्ग पर पेशाब करने जा रहा था। इसी पर विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते लाठी डंडे और बंदूक निकल गए।
आरोप है कि इस झड़प में नील कमल शुक्ला उर्फ नीलू शुक्ला ने अपनी लाइसेंसी बंदूक से भतीजे दीपक शुक्ला व वैभव शुक्ला के ऊपर फायर झोंक दिया, जिससे दोनों जमीन पर गिर पड़े। इससे गांव में अफरातफरी मच गई। घटनास्थल पर पहुंचे गांव वालों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर कई थानों की फोर्स पहुंचकर छानबीन में जुट गई। उधर घायलों को स्वरूप रानी नेहरू अस्पताल भेजा गया जहां पर डॉक्टरों ने दीपक को मृत घोषित कर दिया।
हत्या का आरोपी नीलू गिरफ्तार
इंस्पेक्टर अनिल कुमार ने बताया कि मौके पर पुलिस ने आरोपी चाचा के घर और आसपास छानबीन की, लेकिन हत्या का आरोपी फरार था। गांव के बाहर से ही पुलिस ने आरोपी नीलू शुक्ला को गिरफ्तार कर लिया। बंदूक का लाइसेंस नीलू शुक्ला के नाम ही है। घायल दीपक की इलाज के दौरान मौत हुई है। तनाव को देखते हुए गांव में कई थानों की पुलिस फोर्स तैनात है।
