रामपुर

पत्नी के चरित्र पर शक होने के बाद पति ने उसके गुप्तांग को बिजली के तार से सिल दिया

Shiv Kumar Mishra
21 March 2021 6:39 AM GMT
पत्नी के चरित्र पर शक होने के बाद पति ने उसके गुप्तांग को बिजली के तार से सिल दिया
x

रामपुर: ऐसे ही नहीं कहा गया है कि शक का रोग लग जाए तो बड़े से बड़े रिश्ते की बुनियाद हिल जाती है। मामला सनक में तब्दील हो जाए तो इंसान हैवान तक बन जाता है। पति के मन में बैठे शक के ऐसे ही फितूर ने एक महिला को मौत के मुंह तक पहुंचा दिया।

चरित्र पर बार-बार अंगुली उठाने वाले इस शख्स ने करतूत भी ऐसी की, किसी का भी कलेजा कांप जाए। शराब के नशे में उसने पहले बीवी को जमकर पीटा। इतने पर भी जी ना भरा तो उसके गुप्तांग को बिजली के तार से सिल डाला। पत्नी दर्द से तड़पती रही, लहूलुहान हालत में पड़ी रही मगर, वह उसे छोड़कर घर से चला गया। किसी तरह महिला ने मायके फोन करके मां को घटनाक्रम बताया तो स्वजन पहुंचे। उपचार के लिए भर्ती कराया।

घटना मिलक कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की है। यहां रहने वाला एक ग्रामीण मजदूरी करता है। उसकी शादी दो साल पहले हुई थी। आरोप है कि शुरुआत से ही वह पत्नी के चरित्र पर शक करने लगा। धीरे-धीरे शक का यह जहर उसके मन में इस कदर फैला, उम्र भर के रिश्ते की बुनियाद हिल गई। पत्नी के प्रति उसकी नफरत बढ़ती चली गई और नतीजा..शनिवार को हैवानियत के रूप में सामने आया।

दर्द से तड़पती बीवी के बांधे हाथ-पैर

रूह कंपाने वाली घटना को अंजाम देने से पहले पति ने महिला के हाथ-पैर बांध दिए। फिर बिजली के महीन तार से उसके गुप्तांगों को सिल दिया। पत्नी दर्द से चीखती रही, लेकिन उसका कलेजा नहीं कांपा। हैवानियत के बाद वह अपने काम पर चला गया। उधर, दर्द बर्दाश्त न होने पर महिला ने फोन कर मां को घटना की जानकारी दी, जिसे सुन मायके वालों के होश उड़ गए। मां और भाई गांव पहुंचे। उसे मिलक के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर आए, जहां गंभीर हालत देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। स्वजन ने घटना की जानकारी पुलिस को दी है। हालांकि, लोकलाज के डर से पति पर शराब पीकर मारपीट करने और दहेज उत्पीड़न का आरोप लगाया है। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक शगुन गौतम का कहना है कि महिला का चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया है। गुप्तांग सिलने की बात सामने आई है। डाक्टरी रिपोर्ट के मुताबिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पति फरार है।

पेट पर लात मारकर गिरा दिया था गर्भ

मिलक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में महिला को लेकर आई उसकी मां ने दामाद की करतूत गिनाईं। बताया कि हैसियत के अनुसार दान दहेज दिया था। दामाद दहेज से खुश नहीं था और आए दिन बेटी से मारपीट करता है। शक्की मिजाज होने के कारण चरित्र पर भी सवाल उठाता रहता है। जब बेटी गर्भवती हुई, तब उसके साथ मारपीट की। पेट पर लात मारने से शिशु की गर्भ में ही मौत हो गई थी।

Next Story