उत्तर प्रदेश

प्रियंका की एंट्री पर 3 दिन बाद अखिलेश यादव का आया बड़ा बयान, पढ़ें- क्या बोले?

Special Coverage News
26 Jan 2019 12:34 PM GMT
प्रियंका की एंट्री पर 3 दिन बाद अखिलेश यादव का आया बड़ा बयान, पढ़ें- क्या बोले?
x
प्रियंका गांधी, कांग्रेस महासचिव (File Photo)
अखिलेश ने कहा कि कांग्रेस और उनके राष्ट्रीय अध्यक्ष ने अच्छा फैसला लिया है?
नई दिल्ली : प्रियंका गांधी को कांग्रेस का महासचिव बनाए जाने और सक्रिय राजनीति में कदम रखने के फैसले पर समाजवादी पार्टी के मुखिया और यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने तीन दिन बाद शुभकामनाएं दी है। अखिलेश ने प्रियंका गांधी वाड्रा के उत्तर प्रदेश में प्रभारी बनने पर पहली बार बयान देते हुए कहा है कि नए लोगों का राजनीति में स्वागत होना चाहिए। उन्होंने कहा कि राजनीति में जितने नए लोग आएं, हम समाजवादियों को उसे बहुत खुशी होती है। अखिलेश ने आगे कहा कि मैं उन्हें (प्रियंका गांधी वाड्रा) मुबारकबाद देता हूं और उनके राष्ट्रीय अध्यक्ष (राहुल गांधी) को बधाई देता हूं। अखिलेश ने कहा कि कांग्रेस और उनके राष्ट्रीय अध्यक्ष ने अच्छा फैसला लिया है।

कांग्रेस से भविष्य में दोस्ती हो सकती है या नहीं, इस सवाल को अखिलेश यादव टाल गए, जब संवाददाताओं ने उनसे कांग्रेस के साथ आने वाले वक्त के समीकरणों को लेकर सवाल किया तो अखिलेश कहने लगे कि क्या सवाल पूछ रहे हो, देखो जनेश्वर मिश्र पार्क में कितना अच्छा मौसम हो रहा है। इसके अलावा अखिलेश से प्रियंका या गठबंधन को लेकर जो भी सवाल किए गए, उनका उन्होंने गोल मोल तरीके से जवाब दिया।

अखिलेश का यह रुख इसलिए भी महत्वपूर्ण हैं, क्योंकि 23 जनवरी को जब प्रियंका गांधी के नाम की कांग्रेस महासचिव के रूप में घोषणा हुई तो उसके कुछ देर बाद ही राहुल गांधी ने कहा था कि वह अखिलेश यादव और बसपा सुप्रीमो मायावती के गठबंधन का सम्मान करते हैं और उनकी इनसे कोई दुश्मनी नहीं है। इसके आगे उन्होंने भविष्य के सवाल पर कहा था कि वह मायावती जी और अखिलेश जी के साथ कहीं भी सहयोग करने को तैयार हैं, राहुल ने कहा था कि हम तीनों का लक्ष्य बीजेपी को हराना है।

प्रियंका गांधी वाड्रा को कांग्रेस महासचिव बनाए जाने की घोषणा 23 जनवरी को हुई थी। लेकिन अब तक सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उन्हें लेकर कोई बयान नहीं दिया था। अब मीडिया से बातचीत में उन्होंने प्रियंका से जुड़े सवाल पर जवाब देते हुए उनका स्वागत किया और इसे राहुल गांधी का अच्छा फैसला बताया। हालांकि, दूसरी तरफ सपा की साथी बीएसपी सुप्रीमो मायावती ने अभी तक प्रियंका गांधी को लेकर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। जबकि यूपी में महागठबंधन के तीसरे साथी व राष्ट्रीय लोकदल के नेता जयंत चौधरी कांग्रेस में प्रियंका के आगाज का स्वागत कर चुके हैं।

बता दें कि बसपा-सपा गठबंधन से कांग्रेस को अलग किये जाने के बाद राहुल गांधी ने प्रियंका गांधी को पूर्वी यूपी और ज्योतिरादित्य सिंधिया को पश्चिमी यूपी का जिम्मा दिया। कांग्रेस को इस बात की उम्मीद है कि प्रियंका की वजह से कांग्रेस की स्थिति सूबे में सुधरेगी और वह यूपी में मुकाबले को त्रिकोणीय बनाने में कामयाब होगी।

Next Story