
- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- धान के खेत में मिला...

सोनभद्र में रायपुर थाना क्षेत्र में सरईगाढ़ पंचायत में शनिवार को एक खेत में मानव कंकाल मिलने से सनसनी फैल गई। सरईगाढ़ ग्राम पंचायत के सेमरवाटांड में पंडरी निवासी शंभूनाथ यादव का खेत है। शनिवार को खेत में धान की कटाई चल रही थी। खेत के मध्य में पहुंचने पर वहां काम कर रहे लोगों की नजर मानव कंकाल पर पड़ी तो सन्न रह गए। खेत में खोपड़ी व पसलियों के पास की कुछ हड्डियां पाई गई।
पुरुषों की धोती का कुछ अंश भी देखा गया। सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। पुलिस भी पहुंची और छानबीन की। ग्रामीणों के मुताबिक खेत की रोपाई और उसके बाद करीब दो माह पहले तक यहां कुछ नहीं था। अब अचानक से कंकाल मिलने से लोग सहमे हुए हैं।
एसआई शशिभूषण सिंह ने बताया कि खोपड़ी व अन्य अवशेषों का पंचनामा कर परीक्षण के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने पर ही कुछ कहा जा सकेगा। मामले से उच्चाधिकारियों को अवगत कराते हुए जांच की जा रही है।
