उत्तर प्रदेश

शादी की खुशियां गम में बदलीं, गीजर में रिसाव की वजह से बाथरूम में हुई दुल्हन की मौत

Satyapal Singh Kaushik
29 Jan 2023 9:00 AM GMT
शादी की खुशियां गम में बदलीं, गीजर में रिसाव की वजह से बाथरूम में हुई दुल्हन की मौत
x
बाथरूम के एक कोने में वैशाली सीधे बैठी हुई थी। फूलों से सजी कार से वैशाली को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया

यूपी के मेरठ में मेडिकल थानाक्षेत्र के जागृति विहार सेक्टर आठ स्थित गोल मार्केट के पीछे बाथरूम में गैस गीजर में रिसाव हो गया, जिससे निकली गैस से बाथरूम में नहाते समय दुल्हन की दम घुटने से मौत हो गई। पुलिस को घटना की जानकारी नहीं दी गई है। जागृति विहार के सेक्टर आठ निवासी पारस कुमार एक कंपनी में इंजीनियर हैं। उनके पिता सेना से रिटायर्ड हैं।

नहाने बाथरूम गई थी दुल्हन वैशाली

पारस की शादी गाजियाबाद की रहने वाली वैशाली से हुई थी। गुरुवार को शादी हुई थी। शुक्रवार को दुल्हन लेकर परिवार के लोग घर आए थे। शनिवार को घर पर भजन संध्या का प्रोग्राम था। सुबह दस बजे वैशाली बाथरूम में नहाने के लिए गई थी। काफी देर बाद भी बाथरूम से बाहर नहीं आई। परिवार की महिलाएं पूजा के लिए वैशाली का इंतजार कर रही थीं। बीस मिनट बाद महिलाओं ने बाथरूम का दरवाजा खटखटाया लेकिन अंदर से कोई आवाज नहीं आई। इसके बाद परिवार के सदस्यों ने बाथरूम का दरवाजा तोड़ दिया।

दम घुटने से हुई दुल्हन की मौत

बाथरूम के एक कोने में वैशाली सीधे बैठी हुई थी। तत्काल ही फूलों से सजी कार से वैशाली को आनंद अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिवार के सदस्य शव लेकर घर आ गए।

पारस के घर में शादी की खुशियां 24 घंटे में ही मातम में बदल गईं। कुछ समय पहले यहां गीत-संगीत के शोर थे लेकिन देखते ही देखते सन्नाटा पसर गया। शुक्रवार सुबह जिस घर में वैशाली अरमानों की डोली में सवार होकर पहुंची थी, 24 घंटे बाद उसी घर में उसकी अर्थी सज रही थी। वैशाली हमेशा-हमेशा के लिए ससुराल और मायके वालों को अलविदा कहकर चली गई।

बेटी के शव से लिपटकर रोए मायके वाले

पारस परिवार में छोटा है। सेना से रिटायर्ड पिता भी बेटे की शादी की खुशियां मना रहे थे लेकिन अचानक हुई अनहोनी के बाद पूरा परिवार टूट गया। जैसे वैशाली का शव अस्पताल से घर पर पहुंचा, कोहराम मच गया। तत्काल ही दुल्हन के परिवार वालों को हादसे की जानकारी दी गई। बेटी के शव से लिपटकर रो पड़े स्वजन: शादी के बाद पहली बार बेटी के ससुराल पहुंचे परिवार के लोग भी शव से लिपट कर रो रहे थे। वे बार-बार यही कह रहे थे कि-अचानक ऐसा भी हो जाएगा, उन्होंने सपने में भी नहीं सोचा था। अगर उन्हें ऐसे हादसे का पता होता तो बेटी की शादी ही नहीं करते।

अचानक हुई इस घटना से सदमे में हैं सभी परिवारवाले

परिवार के लोग भी गैस रिसाव के बारे में समझ नहीं पा रहे हैं। पारस के बड़े भाई ने बताया कि गैस गीजर कभी खराब नहीं हुआ। शनिवार को अचानक गीजर से रिसाव होना उनकी भी समझ से परे है।

Satyapal Singh Kaushik

Satyapal Singh Kaushik

न्यूज लेखन, कंटेंट लेखन, स्क्रिप्ट और आर्टिकल लेखन में लंबा अनुभव है। दैनिक जागरण, अवधनामा, तरुणमित्र जैसे देश के कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों में लेख प्रकाशित होते रहते हैं। वर्तमान में Special Coverage News में बतौर कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं।

Next Story