उत्तर प्रदेश

युवक ने पुरे परिवार को गोलियों से भूना, एक की मौत

Sakshi
3 May 2022 12:19 PM GMT
युवक ने पुरे परिवार को गोलियों से भूना, एक की मौत
x
जौनपुर के रामनगर थाना क्षेत्र में एक युवक ने अपने पड़ोसी परिवार के 5 लोगों को गोली मार दी।

जौनपुर के रामनगर थाना क्षेत्र में एक युवक ने अपने पड़ोसी परिवार के 5 लोगों को गोली मार दी। जिसमें एक बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई जबकि अन्य चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां दो की हालत नाजुक बनी हुई है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गया है। गोलीबारी की सूचना मिलते ही पुलिस के बड़े अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

पुलिस के अनुसार रामनगर निवासी रविंद्र यादव का परिवार दो दिन पहले मुंबई से आया है। उनकी बेटी खुशबू के मुताबिक, सोमवार रात करीब 12 बजे परिवार के लोग खाना के बाद अपने-अपने कमरे में थे, तभी पड़ोस का आकाश उर्फ राजू पिस्तौल लेकर पहुंचा। आरोप है कि आकाश उर्फ राजू ने खुशबू के दादा राजबली (70) पर गोली चला दी, जिससे उनकी मौत हो गई, यह देख रविंद्र यादव (55) उनकी मां शांति देवी, पत्नी विमला देवी (45) और बेटा गौरव (13) नीचे आए। इन्हें भी आकाश ने गोली मार दी।

देर रात गोलीबारी की घटना से गांव में हड़कंप मच गया। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर जुट गए। राजबली की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गोली लगने से घायल तीनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस भी घटना स्थल पर पहुंच गई। सीओ संत प्रसाद उपाध्याय, एसओ विश्वनाथ प्रसाद भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने राजबली की मौत की पुष्टि की है और शव को मोर्चरी हाउस में रखवा दिया। पुलिस के अनुसार मौके पर दो खोखा और एक 0.32 बोर का कारतूस बरामद हुआ है।

Next Story