
- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Unnao Case : हत्या से...
Unnao Case : हत्या से पहले रेप की जताई जा रही है आशंका, मां ने CM योगी से मिलने की लगाई गुहार

उन्नाव केस में समाजवादी पार्टी के एक नेता के बेटे रजोल सिंह की संपत्ति पर गुरुवार को क्षत-विक्षत अवस्था में मिली दलित लड़की की मां ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलने की मांग की है। जमीन के अंदर दलित लड़की का शव मिला था। बता दें कि आज मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट आई, जिसमें चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, लड़की की गले की हड्डी टूटी हुई थी, इसके अलावा शरीर के कई अंगों में भी चोट के निशान हैं। अब मामले में पीड़िता की मां ने बेटी की हत्या से पहले रेप का अंदेशा जताया है। उन्होंने कहा कि वे पुलिस की जांच से संतुष्ट नहीं हैं।
आज शुक्रवार को एक टीवी इंटरव्यू के दौरान पीड़िता की मां ने कहा कि वह मामले में पुलिस जांच से संतुष्ट नहीं हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि वह चिंतित है कि उसकी बेटी की हत्या से पहले बलात्कार किया गया था। उन्नाव के सदर कोतवाली क्षेत्र की रहने वाली पीड़िता की मां ने कहा कि वह मुख्यमंत्री से मिलकर दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करना चाहती हैं।
बता दें कि समाजवादी पार्टी के नेता फतेह बहादुर सिंह के बेटे राजोल सिंह के स्वामित्व वाली जमीन के अंदर एक लड़की का शव बरामद हुआ था। बताया जा रहा है कि लड़की दो महीने से लापता थी। उसकी मां ने 8 दिसंबर को मामले में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। महिला का आरोप है कि वह दर-दर भटक रही थी लेकिन सबकुछ व्यर्थ हो गया। गौर हो कि फतेह बहादुर सिंह अखिलेश यादव सरकार में मंत्री थे।