उत्तर प्रदेश

UP Crime: प्रेमी से शादी की जिद पर अड़ी थी शिक्षिका बेटी, बाप ने गोली से छलनी किया।

Satyapal Singh Kaushik
27 March 2023 7:45 AM GMT
UP Crime: प्रेमी से शादी की जिद पर अड़ी थी शिक्षिका बेटी, बाप ने गोली से छलनी किया।
x
यह मामला उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले का है

प्रेमी से शादी की जिद करना पड़ा भारी, प्रेमिका के पिता ने अपने शिक्षिका बेटी को गोली मारकर की हत्या। इसके बाद पिता ने खुद को भी शूट कर लिया। दोनों की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करके जानकारी ली।

बेटी सरकारी स्कूल में शिक्षिका थी

यह घटना शहर कोतवाली क्षेत्र के आवास विकास कालोनी की है। यहां के निवासी नरेंद्र सिंह यादव (56) शेरवानी इंटर कॉलेज में शिक्षक के पद पर तैनात थे। वह अपनी बेटी और पत्नी शशिप्रभा के साथ रह रहे थे। उनकी बेटी जूही (26) सोरोंजी ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय मिर्जापुर में शिक्षिका के पद पर कार्यरत थी।

प्रेमी से शादी की जिद पर अड़ी थी

पत्नी शशिप्रभा ने बताया कि बेटी एक लड़के से प्रेम करती थी। वह इसी से शादी करने की जिद पर अड़ी पर थी। जबकि नरेंद्र इसका विरोध कर रहे थे। लेकिन नौकरी मिलने के बाद से बेटी हमारी कोई भी बात सुनने को तैयार नहीं थी। वह उसी लड़के से शादी करने की जिद कर रही थी। शनिवार को भी बेटी और पिता के बीच शादी की बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई।

पहले बेटी को मारा फिर अपने भी गोली मार ली

शशिप्रभा ने बताया कि, कहासुनी के दौरान बात बढ़ती गई। इसी बीच पिता इतने आक्रोशित हुए कि कमरे में गए और रायफल निकाल लाए। इससे पहले कि मैं दोनों को अलग कर पाती उन्होंने बेटी पर रायफल तानी और फायर कर दिया। गोली बेटी के सीने को भेद गई और वह वहीं गिर गई। इसके बाद उन्होंने रायफल की नाल खुद पर लगाई और ट्रिगर दबा दिया।

पुलिस कर रही है मामले की जांच

शशिप्रभा ने बताया कि, दोनों लोग खून से लथपथ होकर वहीं गिर गए। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग जमा हो गए। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों को लेकर अस्पताल पहुंची। यहां जांच के बाद डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना से परिवार में चीख-पुकार मची हुई है।

SP सौरभ दीक्षित ने बताया कि आवास विकास में शिक्षक द्वारा बेटी और खुद को गोली मारने की जानकारी मिली थी। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जानकारी ली। प्रथम दृष्टया प्रेम-प्रसंग से आहत होकर वारदात को अंजाम देने की बात सामने आई है। घटनास्थल का मुआयना करने साक्ष्य जुटाए गए हैं। जांच की जा रही है।

Satyapal Singh Kaushik

Satyapal Singh Kaushik

न्यूज लेखन, कंटेंट लेखन, स्क्रिप्ट और आर्टिकल लेखन में लंबा अनुभव है। दैनिक जागरण, अवधनामा, तरुणमित्र जैसे देश के कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों में लेख प्रकाशित होते रहते हैं। वर्तमान में Special Coverage News में बतौर कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं।

Next Story