
- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- UP MLC Election 2022 :...
UP MLC Election 2022 : बृजेश सिंह ने अपना पर्चा लिया वापस, पत्नी मैदान में डटीं

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव-2022 में प्रचंड जीत के बाद कल यानी 25 मार्च को योगी सरकार का शपथ ग्रहण समारोह होने जा रहा है। इस बीच एमएलसी चुनाव की तैयारियां भी जोरों शोरों से हो रही है। वहीं आज वाराणसी में बृजेश सिंह उर्फ अरुण सिंह ने एमएलसी चुनाव के लिए अपना पर्चा वापस ले लिया है। बृजेश सिंह इस सीट से निवर्तमान एमएलसी हैं। वह मैदान से हट गए हैं लेकिन उनकी पत्नी डटी हैं।
बता दें कि पिछली बार वर्ष 2016 में हुए चुनाव में बृजेश सिंह ने निर्दल प्रत्याशी के तौर पर पर्चा भरा था। हालांकि उन्हें भाजपा ने समर्थन दे दिया था। इस बार भी उन्होंने निर्दल प्रत्याशी के तौर पर पर्चा भरा था। लेकिन नाम वापसी के दिन गुरुवार को वापस ले लिया। 2016 के विधान परिषद चुनाव में बृजेश सिंह ने अपनी निकटतम प्रतिद्वंदी सपा की उम्मीदवार मीना कुमारी को 19 सौ मतों के अंतर से हराया था।
बृजेश को मिले थे 3038 वोट
बृजेश सिंह को 2016 के चुनाव में कुल 3038 वोट मिले थे। जबकि उनकी निकटम प्रतिद्वंदी मीना सिंह 1084 वोट ही हासिल कर सकी थीं। इस बार भी बृजेश सिंह के मैदान में उतरने के बाद से कहा जा रहा था कि भाजपा ने अपने विधायक सुशील सिंह के चाचा के लिए यह सीट छोड़ दी है लेकिन ऐसा नहीं हुआ। भाजपा ने इस सीट से डॉ.सुदामा सिंह पटेल को उम्मीदवार बनाया है। सपा से उमेश कुमार मैदान में हैं। बृजेश के नाम वापस लेने से सियासी गलियारों में नए सिरे से कयास लगाए जाने लगे हैं।
