वाराणसी

पद संभालते ही वाराणसी के पुलिस कमिश्नर बोले, "जनता सर्वोपरि"

Shiv Kumar Mishra
30 March 2021 8:03 AM GMT
पद संभालते ही वाराणसी के पुलिस कमिश्नर बोले, जनता सर्वोपरि
x

वाराणसी के पहले पुलिस कमिश्नर ए सतीश गणेश ने शनिवार को कार्यभार ग्रहण कर लिया। जिससे पहले उन्होंने श्रीकाशी विश्वनाथ और बाबा कालभैरव का दर्शन पूजन किया। कार्यभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने पुलिस अफसरों को होली और शबेबारात पर सतर्क रहने का आदेश दिया। छावनी स्थित अपने सरकारी आवास पर पत्रकारों से बातचीत की। उन्होंने बताया कि जनता उनके लिए सर्वोपरि है। उनके काम का आकलन वही करेगी। जनसंतुष्टि प्राथमिकता है, इसके लिए काम करेंगे।

शहर का लिया गया जायजा

जिससे पहले दिन में 11 बजे वह एयरपोर्ट पहुंचे। जहां एसपी सिटी विकासचंद्र त्रिपाठी समेत अन्य पुलिस अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। वहां से वह सर्किट हाउस आए। इसके बाद कालभैरव और बाबा का दर्शन कर पुलिस ऑफिस पहुंचे। यहां परंपरागत सलामी दी गई और उन्होंने कार्यभार ग्रहण किया। शाम को संकट मोचन मंदिर में मत्था टेका और शहर का जायजा लिया।

निर्देश के बाद से बेहतरी में लग गए थे

पुलिस कमिश्नर ने कहा कि आदेश मिलने के बाद वह यहां की तैयारियों में जुट गए थे। जिसके लिए लखनऊ और नोएडा शहर में अपने समकक्ष से पुलिस कमिश्नरी प्रणाली के अब तक के अनुभव की खबर ली। पुलिस कमिश्नरी प्रणाली लागू करने, इसकी कार्यप्रकृति के साथ किस तरह से सुधार की जानी है, इसकी पूरी रिपोर्ट बना ली थी। उन्होंने जानकारी दी कि यहां बेहतर तरीके से इस प्रणाली को लागू किया जा सके, लोगों को इसका लाभ मिल सके। इसके लिए तैयारी की गई है। यहां से एसपी ट्रैफिक रहे श्रवण कुमार सिंह और एसपी प्रोटोकाल अनुराग दर्शन को लखनऊ में प्रशिक्षण के लिए भी भेजा गया है।

अफसरों को दी कार्ययोजना

सर्किट हाउस में पुलिस अधिकारियों से मुलाकात में पुलिस कमिश्नर ने अपनी ओर से तैयार कार्ययोजना की जानकारी दीं और बताया कि इस पर पूरे दिन अध्ययन करें। क्या सुधार हो सकते हैं। अपराध रोक-थाम पर क्या काम हो सकता है। पुलिस कमिश्नरी प्रणाली को बेहतर तरीके से लागू करने के लिए क्या किया जा सकता है। जनविश्वास कैसे जीता जा सकता है आदि मुद्दों पर तैयारी के साथ शाम की मीटिंग में आएं।

साइबर अपराध पर विशेष काम होगा

पुलिस कमिश्नर ने बताया कि साइबर अपराध से इस समय लोग अधिक पीड़ित हैं। पुलिस कमिश्नर ने साइबर अपराध की पूर्ण जानकारी ली। साथ ही बोले- पहले इसके लिए पुलिसकर्मियों को तकनीकी रूप से सक्षम होना होगा जिससे की पुलिसकर्मी इसे समझ सकें और शिकायत का निवारण कर सकें।

यातायात व्यवस्था को सुधारनें के लिए उठाए कड़े कदम

पुलिस कमिश्नर ने जानकारी दी कि जनता से सीधे संपर्क कर उनके पक्ष की बात ली गई। यातायात व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, शांति बहाली के लिए जनता से सुझाव मांगा जाएगा। इसके लिए एक ई प्लेटफार्म तैयार कराएंगे। उन्होंने वाराणसी पुलिस फेसबुक पेज को भी सक्रिय करने की बात कही। जिस पर पूर्व की तरह शिकायतें पोस्ट करने पर उसे पुलिस त्वरित तौर से निबटाती थी।

शिकायत पेटिका से होंगे शिकायतों का निवारण

जनता सहूलियत के लिए पुलिस थाने, चौकी पर अलग-अलग रंग के बॉक्स रखे जाएंगे। इसमें शिकायत के विषय के अनुसार पत्र डाल सकेंगे। मसलन हरे रंग के बॉक्स में यातायात सुझाव ,लाल रंग के बॉक्स में अपराध नियंत्रण के सुझाव या शिकायत।

Next Story