

उत्तराखंड में आम आदमी पार्टी (AAP) के लिए बुधवार का दिन गहरी चोट देने वाला साबित हुआ। पार्टी ने जिस (सेनि.) कर्नल अजय कोठियाल के चेहरे पर अपना विधानसभा चुनाव लडा था, उन्होंने पार्टी छोड़ दी। इसके साथ ही पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष रहे भूपेश उपाध्याय ने भी आम आदमी पार्टी को अलविदा कह दिया। कुछ ही घंटे के अंतराल पर हुए इस राजनैतिक घटनाक्रम से आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं में गहरी निराशा छा गई है।
सबसे पहले उत्तराखंड के विधानसभा चुनाव 2022 में आम आदमी पार्टी के सीएम फेस रहे कर्नल अजय कोठियाल ने आम आदमी पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने खुद ट्वीट करके इसकी जानकारी दी। अजय कोठियाल ने लिखा कि पूर्व सैनिकों, पूर्व अर्धसैनिकों, बुजुर्गों, महिलाओं, युवाओं और बुद्धिजीवियों की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए मैं 18 मई 2022 को आम आदमी पार्टी की सदस्यता से अपना त्यागपत्र दे रहा हूं। ट्वीट के साथ ही कोठियाल ने अपना त्यागपत्र का पत्र भी सोशल मीडिया पर जारी कर दिया है।
इसके कुछ ही देर बाद बागेश्वर जिले की कपकोट विधानसभा सीट से प्रत्याशी रहे आप के पूर्व कार्यकारी अध्यक्ष भूपेश उपाध्याय ने भी आम आदमी पार्टी से अपना नाता तोड़ने की घोषणा कर दी।