Archived

उत्तराखंड में दर्दनाक हादसा: खाई में गिरी बस, 45 लोगों की मौत की आशंका, 20 शव बरामद

Arun Mishra
1 July 2018 5:57 AM GMT
उत्तराखंड में दर्दनाक हादसा: खाई में गिरी बस, 45 लोगों की मौत की आशंका, 20 शव बरामद
x
जानकारी के मुताबिक, बस में 50 से ज्यादा लोग सवार थे।

पौड़ी गढ़वाल : उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले में एक भीषण बस हादसा हुआ है। धूमाकोट तहसील के नैनीडांडा ब्लॉक में पड़ने वाले पिपलीधौन मोटर मार्ग पर ग्वीन गांव के पास रविवार सुबह गढ़वाल मोटर यूजर्स की बस हादसे का शिकार हो गई। इस दुर्घटना में 45 लोगों के मारे जाने की खबर है। वहीं 20 शव भी बरामद कर लिए गए हैं। मरने वालों की संख्या बढ़ने की आशंका जाहिर की जा रही है। मौके पर राहत और बचाव कार्य के राज्य आपदा राहत बल (एसडीआरएफ) की टीम को हेलिकॉप्टर से भेजा गया है।

जख्मी लोगों को इलाज के लिए धूमाकोट के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। UK12C-0159 नंबर की यह बस रविवार सुबह करीब छह बजे धौन गांव से रामनगर की ओर चली थी। इलाके के ही एक गांव में जागर (जागरण) का आयोजन किया गया था। हादसे का शिकार हुए लोग इसमें शामिल होने के बाद लौट रहे थे।


कुछ यात्रियों को रामनगर से दिल्ली के लिए बस पकड़नी थी। बताया जा रहा है कि बस में 50 से ज्यादा लोग सवार थे। प्रशासन ने अभी मौतों की संख्या के बारे में आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। मौके पर रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए एसडीआरएफ (राज्य आपदा राहत बल) और पुलिस की टीमें भेजी गई हैं। स्थानीय लोग भी रेस्क्यू में जुटे हुए हैं।

Next Story