भागलपुर। भागलपुर के वरिष्ठ पत्रकार और समाज कर्मी प्रसून लतांत लोक शिखर सम्मान से सम्मानित किए गए। उनको यह सम्मान पटना सिटी में गांधी सरोवर स्थित पाटलिपुत्र परिषद के विशाल सभागार में लोकहित सेवा संस्थान द्वारा आयोजित एक भव्य समारोह में दिया गया।
सम्मान देने वालों में बिहार सरकार के ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार, पूर्व मंत्री नवल किशोर यादव , पटना नगर निगम की मेयर सीता साहू और दस्तक प्रभात के संपादक प्रभात वर्मा मौके पर उपस्थित थे।
प्रसून लतांत को लोक शिखर सम्मान रचनात्मक लेखन और समाजसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य के लिए दिया गया। सम्मान समारोह में प्रसून लतांत के अलावा उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड और महाराष्ट्र आदि राज्यों के साहित्यकारों, कलाकारों और समाजसेवियों को भी सम्मानित किया गया। इसके पहले प्रसून लतांत गांधी शांति प्रतिष्ठान और केंद्रीय गांधी स्मारक निधि, नई दिल्ली द्वारा स्वामी प्रणवानंद शांति पुरस्कार के साथ समग्र भारत यात्री सम्मान , उदयन शर्मा स्मृति सम्मान , डा विहंगम स्मृति सम्मान के साथ हिमाचल सरकार और चंडीगढ़ प्रशासन द्वारा भी रचनात्मक पत्रकारिता और समाज सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य के लिए सम्मानित किए गए हैं। प्रसून लतांत को सम्मान मिलने पर देश भर के लोगों ने खुशी जाहिर की है और उनको बधाई देने वालों का तांता लग गया है।